अलवर

Alwar News: फैक्ट्री में चादर ओढ़कर सो रहे 4 साल के मासूम पर चढ़ाई बाइक, मौत

अलवर शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में चादर ओढ़कर लेटे 4 साल के मासूम बच्चे के ऊपर बाइक सवार ने गाड़ी चढ़ा दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
2 min read
Jul 17, 2026
child death udyog nagar
जिला अस्पताल में बच्चे को मृत घोषित किया (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान के अलवर शहर स्थित उद्योग नगर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां की कामधेनू मिनरल्स फैक्ट्री परिसर में शुक्रवार की सुबह एक चार साल के मासूम बच्चे की जान चली गई। खेलते-खेलते थक कर चादर ओढ़कर जमीन पर सोए बच्चे को एक बाइक सवार देख नहीं पाया।

उसने अपनी मोटरसाइकिल सीधे बच्चे के ऊपर से गुजार दी। इस हादसे में मासूम मनजीत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

बाइक चालक को नहीं दिखा बच्चा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक मासूम की पहचान 4 वर्षीय मनजीत के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ फैक्ट्री परिसर में ही रहता था। शुक्रवार की सुबह वह परिसर में खेल रहा था। खेलते-खेलते जब वह थक गया, तो उसने एक चादर ओढ़ी और वहीं जमीन पर लेट गया।

इसी दौरान फैक्ट्री में दूध की सप्लाई देने के लिए एक बाइक सवार वहां पहुंचा। चादर ओढ़े होने के कारण बाइक चालक को जमीन पर किसी बच्चे के लेटे होने का अंदाजा नहीं हुआ और उसकी मोटरसाइकिल सीधे बच्चे के ऊपर चढ़ गई।

इकलौते बेटे की मौत, पिता गए थे गांव

मासूम मनजीत के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और उसकी मां तुरंत मौके पर दौड़े। लहूलुहान हालत में बच्चे को तुरंत पास के ईएसआई (ESI) अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।


मृतक बच्चे के पिता मिथिलेश चौहान मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के रहने वाले हैं। वह अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ इसी फैक्ट्री में मजदूरी का काम करते हैं और यहीं रहते हैं। परिजनों के अनुसार मिथिलेश एक दिन पहले ही किसी जरूरी काम से बिहार स्थित अपने गांव गए थे। पीछे से उनके इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मां का रो-रोकर बुरा हाल

जिला अस्पताल के मोर्चरी रूम के बाहर मां का रो-रोकर बुरा हाल था, जिसे संभालना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची उद्योग नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और बाइक सवार की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
17 Jul 2026 01:06 pm
Published on:
17 Jul 2026 01:06 pm