अलवर

Alwar Road Accident: अलवर में दो दर्दनाक सड़क हादसे, ट्रोले और टेंपो की टक्कर से युवक व बुजुर्ग महिला की मौत

अलवर में दो अलग-अलग थाना इलाकों में हुए सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुए इन हादसों में एक 26 वर्षीय युवक और एक 65 साल की बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई।

2 min read
Jun 03, 2026
Alwar Road Accident
महिला का शव ले जाते परिजन (फोटो - पत्रिका)

अलवर में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। पहला हादसा विजय मंदिर थाना इलाके में जटियाना बस स्टैंड के पास हुआ। यहां बुद्ध विहार स्थित एक निजी अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाला हेतेन्द्र (26) पुत्र महेंद्र किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रोले ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेतेन्द्र सीधे ट्रोले के पिछले टायर के नीचे आ गया और गंभीर रूप से कुचल गया।


हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान हालत में हेतेन्द्र को तुरंत जिला सामान्य चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हेतेन्द्र की मौत की खबर सुनते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से अब पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। परिवार वालों ने दोषी ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार करने और आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।

मृतक हेतेन्द्र

बुजुर्ग महिला को टेंपो ने मारी टक्कर

दूसरा हादसा बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के बहाला टोल बूथ के पास हुआ। बहाला गांव की रहने वाली सुफेदी (65) पत्नी प्रभातीलाल जाटव मंगलवार रात को खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर सड़क किनारे टहल रही थीं। इसी दौरान एक बेकाबू और तेज रफ्तार टेंपो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक ने टेंपो रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी, जिससे बुजुर्ग महिला टेंपो के साथ काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। गंभीर रूप से घायल वृद्धा को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बगड़ तिराहा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से मिलकर हादसे की जानकारी ली। वहीं, बुजुर्ग महिला को टक्कर मारकर भागने वाले आरोपी टेंपो चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बहाला टोल टैक्स और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर टेंपो को जब्त कर लिया जाएगा। इसके लिए तकनीकी रूप से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Updated on:
03 Jun 2026 04:05 pm
Published on:
03 Jun 2026 04:01 pm