3 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आबकारी विभाग का एक्शन, युवतियों से शराब परोसवाने वाले 3 बीयर बार सील

अलवर शहर में नियमों की धज्जियां उड़ाकर बीयर बार में युवतियों से शराब परोसवाने के मामले में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कमिश्नर के आदेश पर हुई एक सीक्रेट जांच के बाद शहर के तीन मशहूर बीयर बारों को पूरी तरह सील कर दिया गया है।

2 min read
Google source verification
alwar beer bar

बार को सील करती टीम (फोटो - पत्रिका)

अलवर में आबकारी विभाग ने करवाई करते हुए तीन बीयर बारों को सील कर दिया है। आबकारी विभाग ने जिन बारों पर यह सख्त एक्शन लिया है, उनमें तीनों ही जगहों पर आबकारी नियमों को ताक पर रखकर युवतियों से शराब परोसवाई जा रही थी। शिकायतें सही पाए जाने पर विभाग ने इन्हें तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया है।

दरअसल, आबकारी विभाग को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि अलवर के कुछ बार संचालक ज्यादा मुनाफा कमाने और ग्राहकों को रिझाने के लिए नियमों के खिलाफ जाकर युवतियों से शराब सर्व करवा रहे हैं। चूंकि नियमों के तहत बार में युवतियों से शराब परोसवाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है, इसलिए आबकारी कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लिया और गुप्त जांच (गुप्त निरीक्षण) के आदेश दे दिए।

युवती ने टीम के इंस्पेक्टर का मोबाईल पकड़ा

जिला आबकारी अधिकारी अर्चना जैमन के निर्देश पर जब टीम औचक निरीक्षण करने पहुंची, तो वहां हड़कंप मच गया। जांच के दौरान बार की पोल तो खुली ही, साथ ही वहां एक हाई वोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला। बताया जा रहा है कि जब टीम के इंस्पेक्टर वहां छानबीन कर रहे थे, तभी बार में काम करने वाली एक युवती ने उनका मोबाइल फोन ही पकड़ लिया और कार्रवाई का विरोध करने लगी। हालांकि, अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए पूरी स्थिति को संभाला।

बार संचालकों की शिकायत पर ही शुरू हुई थी जांच

इस पूरे मामले में एक दिलचस्प मोड़ यह भी है कि इसकी शुरुआत खुद बार संचालकों की आपसी खींचतान से हुई थी। बीती 17 मई को कुछ बीयर बार संचालकों ने खुद जयपुर जाकर आबकारी कमिश्नर से इस बात की शिकायत की थी। उन्होंने सबूत के तौर पर बीयर बार में काम कर रही युवतियों के वीडियो भी कमिश्नर को दिखाए थे। वीडियो सामने आने के बाद विभाग तुरंत एक्शन में आया और यह बड़ी कार्रवाई की।


आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। तीन बारों को सील करने के बाद अब शहर के अन्य बीयर बारों और लाउंज की भी 'कुंडली' खंगाली जा रही है। अगर कहीं और भी इस तरह के अवैध काम या नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो उनके खिलाफ भी बिना किसी रियायत के ऐसी ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।