अलवर

जनहित के कामों में विभाग की बड़ी लापरवाही, अलवर जिले के इस क्षेत्र में खोदे गड्ढे बने जानलेवा

ग्रामीणों ने एक-दूसरे की मदद से बचाई सांड की जान
2 min read
Jul 20, 2018
Alwar : Road damaged in Bhiwadi, people get problem
जनहित के कामों में विभाग की बड़ी लापरवाही, अलवर जिले के इस क्षेत्र में खोदे गड्ढे बने जानलेवा

भिवाड़ी के वार्ड नं-5 स्थित खानपुर में नगर परिषद की अमृत जल योजना के तहत कराए जा रहे एसटीपी और सीवर लाइन के कार्र्य के दौरान खोदे गए गड्ढे वाशिंदों की मुसीबत बन गए हैं। इसके लिए गांवों में जाने वाला मुख्य रास्ता ही बारिश के मौसम में खोद डाला गया है, गुरुवार को एलएनटी द्वारा किए जा रहे सीवर लाइन के कार्य में चार पहिया एवं दो पहिया वाहन चलाना दूभर हो गया। अभी तो बारिश शुरू ही हुई कि मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। एलएनटी द्वारा खोदे गए गड्ढे में गुरुवार को एक सांड जा गिरा, जिसे ग्रामीणों ने भारी मशक्कत कर उसे बाहर निकाला। ग्रामीणों ने नगर परिषद प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि आए दिन कभी जानवर तो कभी बच्चे गड्ढे में गिरते रहते हैं। जिससे दुर्घटना का डर बना रहता है। स्कूल के पास भी पानी भरने से बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है। ग्रामीण कई बार नगर परिषद में शिकायत कर चुके, लेकिन अधिकारी सुनते ही नहीं हैं। जिस पर ग्रामीणों ने गुरुवार विरोध कर प्रदर्शन किया।

खानपुर गांव में 90 प्रतिशत सीवर लाइन का कार्य पूरा कर लिया गया है। थोड़ा कार्य बचा है, जिस पर लेबर गांव में कार्य कर रही थी। गांव के कुछ असमाजिक तत्वों ने उनसे मारपीट की, जिससे कार्य बाधित हुआ है। गांव की समस्या को ध्यान में रखते हुए जल्द ही कार्य पूरा कराया जाएगा।
- मोनिका यादव, नगर पार्षद

-------------------------------------------------------------------------------------

जनरल स्टोर का ताला तोड़ चोरी

तिजारा . बुधवार की रात वार्ड नंबर 11 में मालियर जट रोड स्थित रांची जनरल स्टोर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपए का सामान चुरा ले गए। गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक वालों ने दुकानदार को सूचना दी कि दुकान का सामान बिखरा पड़ा है, जिस पर तुरंत पीडि़त दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। दुकानदार जगनसिंह सैनी ने बताया कि 15 टिन रिफाइंड, 502 बीड़ी के कार्टून, बादाम के पीपे, बिस्कुट, चावल के कट्टे व एलईडी सहित 6 हजार की नकदी की चोरी हो गई। सब इंस्पेक्टर गौरव प्रधान मौके पर पहुंचे तथा जायजा लिया। अज्ञात चोरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Published on:
20 Jul 2018 11:52 am