
अलवर जिले के थानागाजी थाना क्षेत्र के अंगारी गांव में पारिवारिक धार्मिक स्थान पर पूजा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। पीड़िता ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 8 से 11 नवंबर के बीच की बताई गई है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, अंगारी गांव में एक परिवार का संयुक्त पुश्तैनी मकान है। इसमें पूर्वजों का 'साल बाबा' नाम से धार्मिक स्थान बना हुआ है। परिवार की परंपरा के अनुसार हर अमावस्या को यहां पूजा-अर्चना की जाती है और भोग लगाया जाता है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 8 नवंबर को अमावस्या के दिन सुबह जब वह धार्मिक स्थान पर भोग लगाने गई तो गांव की एक महिला ने उसे रोक दिया। इस दौरान गाली-गलौच और धक्का-मुक्की भी की गई। इसके बाद 10 नवंबर की सुबह आरोपी महिला पीड़िता के घर पहुंची और फिर झगड़ा किया। साथ ही भविष्य में वहां पूजा करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पीड़िता की रिपोर्ट के मुताबिक, 11 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे चार आरोपी लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौच करते हुए पीड़िता और उसके पति पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके पति को जमीन पर गिरा दिया और गला दबाने की कोशिश की। इस दौरान लोहे की रॉड से वार कर उसे घायल कर दिया।
रिपोर्ट में बताया गया कि पति को बचाने के लिए पीड़िता बीच में आई तो आरोपियों ने उस पर भी लोहे की रॉड और वाइपर से हमला किया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके कपड़े फाड़े गए और अभद्रता करते हुए लज्जा भंग करने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया है, जिसे पुलिस को साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।
थानागाजी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट, घर में जबरन घुसने, जान से मारने की धमकी और महिला की लज्जा भंग करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। घायलों की मेडिकल प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक भोलाराम को सौंपी गई है।