अलवर

Alwar: थानागाजी में दिनदहाड़े फायरिंग, 3 आरोपियों को 24 घंटे में पकड़ा; 2 पिस्टल और 12 कारतूस बरामद

अलवर के थानागाजी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात हुई। कोलियों की ढाणी में तीन लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हथियार और वाहन भी जब्त किए हैं।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 7:00 PM IST
alwar thanagazi firing case
थानागाजी फायरिंग में 3 गिरफ्तार

अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी और एक अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि 10 नवंबर 2026 को सुबह थानागाजी थाना क्षेत्र के कोलियों की ढाणी में फायरिंग की घटना हुई थी। पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अपने साथियों और रिश्तेदारों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी और दो अपाची मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वहां पहुंचे थे। आरोपियों ने परिवादी को जान से मारने की नीयत से पिस्टल और देशी कट्टों से ताबड़तोड़ फायरिंग की।

गोली लगने से तीन लोग हुए घायल

फायरिंग के दौरान दुर्गेश गुर्जर, अनु गुर्जर और लालाराम उर्फ लालचन्द को गोली लग गई। घटना के बाद घायलों को तत्काल थानागाजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को सामान्य चिकित्सालय अलवर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर थानागाजी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

हथियार और वाहन जब्त, जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल एक स्कॉर्पियो और एक अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान जारी है।

नारायणपुर, विराटनगर और प्रतापगढ़ में दी दबिश

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियका रघुवंशी और थानागाजी वृत्ताधिकारी इंदू लोधी के निर्देशन में पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। टीम ने थाना नारायणपुर, विराटनगर और प्रतापगढ़ क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की। इसके बाद मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Updated on:
11 Nov 2026, 7:00 PM IST
Published on: