अलवर

Alwar UIT Action: दिवाकरी में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, कई बीघा कृषि भूमि से हटाया अतिक्रमण

अलवर में बिना अनुमति कृषि भूमि पर प्लॉट काटकर बेचने वालों के खिलाफ नगर विकास न्यास ने कार्रवाई की है। न्यास की टीम ने ग्राम दिवाकरी में अवैध प्लॉटिंग के लिए बनाई गई सड़कों और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 11:46 AM IST
Alwar UIT Action
दिवाकरी में अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई

अलवर. शहर के आसपास कृषि भूमि पर बिना अनुमति प्लॉटिंग कर भूखंड बेचने के मामलों पर नगर विकास न्यास ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को न्यास के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने ग्राम दिवाकरी में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर कृषि भूमि पर बिना स्वीकृति बनाई गई सड़कों और अन्य अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। नगर विकास न्यास (यूआईटी) के अनुसार संबंधित जमीनों का भू-संपरिवर्तन भी नहीं कराया गया था।

नगर विकास न्यास की सचिव बीना महावर ने बताया कि न्यास के क्षेत्राधिकार में आने वाले ग्राम दिवाकरी में कई खसरा नंबरों की कृषि भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। इसके लिए जमीन पर सड़कें बनाई गई थीं और अन्य निर्माण भी किए जा रहे थे। इन गतिविधियों के लिए न तो नगर विकास न्यास से स्वीकृति ली गई थी और न ही कृषि भूमि का नियमानुसार भू-संपरिवर्तन कराया गया था।

कई खसरा नंबरों पर की गई कार्रवाई

यूआइटी की टीम ने ग्राम दिवाकरी के खसरा नंबर 30, 304 से 307, 311 व 12, 465 से 467, 470, 326 व 327, 448 से 451, 459 से 464 और 468 व 469 सहित अन्य भू-भाग पर कार्रवाई की। यहां अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लॉटिंग के लिए बनाई गई सड़कों और निर्माण को ध्वस्त किया गया।

सचिव बीना महावर ने बताया कि संबंधित भू-भाग पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खसरा नंबरों के खिलाफ राजस्थान काश्तकारी अधिनियम की धारा 177 के तहत भी कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। न्यास की ओर से ऐसे मामलों को चिन्हित कर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

बिना जांच के नहीं खरीदें भूखंड

नगर विकास न्यास की सचिव ने आमजन से अपील की है कि गैर अनुमोदित और बिना अधिकृत कृषि भूमि पर विकसित की गई कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से बचें। कई बार लोग सस्ते भूखंड के चक्कर में बिना अनुमति विकसित की गई कॉलोनियों में जमीन खरीद लेते हैं। बाद में सड़क, पानी, बिजली और अन्य सुविधाओं के साथ कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता, जमीन के भू-उपयोग में बदलाव और संबंधित विभाग की स्वीकृति की जांच जरूर करें। न्यास की ओर से नियमों के विरुद्ध विकसित की जा रही प्लॉटिंग को चिन्हित किया जा रहा है। ऐसी जगहों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Updated on:
13 Nov 2026, 11:46 AM IST
Published on: