अलवर

Judge Committed Suicide : अलवर के अमन कुमार शर्मा दिल्ली में थे जज, किया सुसाइड, पिता का आरोप-पत्नी की प्रताड़ना से थे परेशान

Judge Committed Suicide : दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में शुक्रवार रात 30 वर्षीय न्यायिक अधिकारी राजस्थान के अलवर निवासी अमन कुमार शर्मा अपने घर में मृत पाए गए। मृतक के पिता का आरोप है कि वह पत्नी की प्रताड़ना से परेशान था।

3 min read
May 03, 2026
Aman Kumar Sharma of Rajasthan Alwar was a judge in Karkardooma Court Delhi committed suicide
राजस्थान के अलवर निवासी न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा। फोटो पत्रिका

Judge Committed Suicide : दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में शुक्रवार रात 30 वर्षीय न्यायिक अधिकारी अपने घर में मृत पाए गए। मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो कड़कड़डूमा कोर्ट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) में सचिव पद पर तैनात थे। शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। शनिवार को डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले उनके बहनोई राजेश कुमार ने सफदरजंग थाने को इसकी सूचना दी। पुलिस अमन को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद अमन के पिता शव को अलवर लेकर चले गए। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उनके मोबाइल को पुलिस ने कब्जे में लिया है। साथ ही घर के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस बीच सामने आया है कि अमन कुमार और उनकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।

पत्नी व आइएएस साली पर केस दर्ज

सफदरजंग एन्क्लेव स्थित आवास में न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में रविवार को पुलिस ने जांच तेज करते हुए पत्नी स्वाति मलिक और उनकी आइएएस चचेरी बहन निधि मलिक समेत अन्य पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। वहीं अमन के पिता बोले-जो दोषी है, उन्हें छोडूंगा नहीं।

पिता ने बेटे की च‍िता को मुखाग्नि दी

जज अमन शर्मा के पिता एडवोकेट प्रेम कुमार शर्मा ने रोते हुए बेटे की च‍िता को मुखाग्नि दी। सुसाइड के बाद अमन की पत्नी अपने दोनों बच्चों को लेकर घर से चली गई। अंतिम संंस्कार में शामिल नहीं हुई। अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली और हरियाणा राजस्थान कैडर के कई वरिष्ठ जज पहुंचे थे।

पुलिस बुलाकर उन्हें बंद करवा देंगी

उधर अमन के रिश्तेदार राजेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात 10 बजे अमन ने पिता को फोन कर कर कहा कि मैं बहुत परेशान हूं, मेरा जीना मुश्किल हो गया है। इसके बाद उनके पिता आधी रात को दिल्ली पहुंच गए। पिता का दावा है कि उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन बहू ने कथिततौर पर उन्हें घर छोड़ने की धमकी दी और कहा, अगर वे नहीं गए तो वह पुलिस बुलाकर उन्हें बंद करवा देंगी।

फोन लगाया तो बाथरूम में घंटी बजी

पिता का कहना है कि पत्नी ऊंची आवाज में बोल रही थीं और अमन रो रहे थे। कुछ देर बाद जब पिता ने उनकी पत्नी से पूछा कि अमन कहां है, तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता। इसके बाद पिता ने अमन के मोबाइल पर ऐप कॉल की, जिसकी घंटी बाथरूम से सुनाई दी। जब बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर अमन पत्नी की चुन्नी से फांसी के फंदे पर लटके मिले। यह दृश्य देखकर परिवार स्तब्ध रह गया।

पांच साल पहले आए थे न्यायिक सेवा में

अमन शर्मा 2018 में सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, पुणे से कानून की डिग्री पूरी करने के बाद 19 जून, 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे। अक्टूबर 2025 से, वे कडकड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्व जिले के लिए डीएलएसएके पूर्णकालिक सचिव के रूप में तैनात थे।

लंबे समय से पत्नी से चल रहा था विवाद

पिता ने बताया कि अमन और उनकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। अमन ने अपने पिता से कहा कि वह पिछले दो महीनों से बेहद मानसिक तनाव में था और उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि घर में उनकी पत्नी का पूरा नियंत्रण है और हर बात उन्हीं की मानी जाती है। अमन की पत्नी भी न्यायिक अधिकारी हैं, जबकि उनकी बहन एक आइएएस अधिकारी हैं और जम्मू में तैनात हैं।

Updated on:
04 May 2026 09:14 am
Published on:
03 May 2026 07:53 am