अलवर

जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाई, जल्द पीओके भी हमारा होगा : सतपाल महाराज

राष्ट्रीय संत एवं उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री बोले आज कश्मीरी खुश
2 min read
Apr 06, 2024
जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाई, जल्द पीओके भी हमारा होगा : सतपाल महाराज
जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाई, जल्द पीओके भी हमारा होगा : सतपाल महाराज

अलवर. राष्ट्रीय संत और उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हमारे देहरादून में ट्रेन का एक इंजन पूरी ट्रेन को नहीं खींच पाता था। उस समय फिर दूसरा इंजन जोड़ा गया। उसके बाद जाकर देहरादून तक ट्रेन पहुंची। यानी दो इंजनों में ताकत थी। ऐसे में केंद्र व प्रदेश सरकार भी दो इंजन की तरह हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में केंद्र में फिर से भाजपा की सरकार बनाकर पीएम नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम बनाना होगा, तभी अलवर सहित पूरे प्रदेश का विकास हो सकेगा। उन्होंने कहा, कश्मीर में धारा 370 हटाई अब तीसरी बार सरकार बनते ही पीएम नरेंद्र मोदी पीओके को भी भारत में मिला देंगे। अखंड भारत हो जाएगा।


लक्ष्मी कमल के फूल पर आती है...इस फूल को खिलाएं
सतपाल महाराज भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी भूपेंद्र यादव के समर्थन में राजर्षि अभय समाज के रंगमंच पर आयोजित सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, उनके घर में लक्ष्मी (पुत्री जन्म) आई है। लक्ष्मी हमेशा कमल के फूल पर ही आती है। उन्होंने जम्मू कश्मीर में लाल चौक पर तिरंगा फहराने, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, मुफ्त राशन योजना के बारे में जानकारी दी। कहा, केंद्र की मोदी सरकार ने देश का मस्तक पूरे दुनिया में ऊंचा किया है। आज भारत विश्वगुरु बनने की ओर है। कहा कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है। ऐसे में उनसे बचकर रहें। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने की बातें भी बताई। कहा कि उनके साथ दूसरे देशों के भी छात्रों ने भारत का झंडा पकड़ा हुआ था।


प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों का खुद अस्तित्व खतरे में
सतपाल महाराज ने अपने अनुयायियों से कहा कि कमल का फूल खिलाना है। कहा कि जो राम को लाए हैं, उनको हमें फिर लाना है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा की उनके शासन काल में प्रभु राम के अस्तित्व पर भी प्रश्न चिन्ह लगा दिया गया था। आज विपक्ष का जहाज डूबने वाला है। उनके जहाज पर सवार लोगों को डूबने से कोई नहीं बचा सकता। प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों का अस्तित्व ही नहीं रह जाएगा। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व विधायक बनवारी लाल ङ्क्षसघल आदि मौजूद रहे।

Published on:
06 Apr 2024 02:12 am