
आरोपी सौतेला पिता (फोटो: पत्रिका)
Father Killed Step Son: बानसूर के इंद्राणा गांव में दो दिन पहले हुई 4 साल के मासूम आर्यन की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मासूम की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके सौतेले पिता हंसराज कुमावत ने की थी। बासदयाल थाना पुलिस ने आरोपी हंसराज कुमावत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बच्चे को रास्ते से हटाने के लिए ये खौफनाक कदम उठाया।
बासदयाल थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने बताया कि हंसराज कुमावत का पहली पत्नी से तलाक हो चुका था। इसके बाद उसने बिहार की एक युवती से दूसरी शादी की थी। शादी के बाद उसकी पत्नी अपने बेटे आर्यन के साथ उसके घर आई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि हंसराज को आर्यन पसंद नहीं था और वह उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता था।
पुलिस के अनुसार हंसराज ने आर्यन को खत्म करने के लिए पहले भी कई बार साजिश रचने की कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। इसके बाद शनिवार को उसने मौका पाकर आर्यन को पानी की होद में गिरा दिया जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने अपने परिजनों को बताया कि आर्यन गलती से होद में गिर गया है।
परिजनों ने इसे हादसा मानते हुए मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद गांव के कृष्ण कुमार शर्मा ने हत्या की आशंका जताते हुए बासदयाल थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर दफनाए गए आर्यन के शव को प्रशासन की मौजूदगी में बाहर निकलवाया।
इसके बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम तथ्य मिले जिसके आधार पर मृतक के सौतेले पिता हंसराज कुमावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ये भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की पूरी योजना किस तरह बनाई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही। पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी कश्मीर सिंह के नेतृत्व में एएसआई देवी सिंह, अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल अजय, शंकर, नरसी कुमार, दीपक और राजेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Updated on:
07 Jul 2026 10:59 am
Published on:
07 Jul 2026 10:55 am
