6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar Crime: जीएसटी अधिकारी के घर हुई लूट के मामले में मंत्री संजय शर्मा ने की परिवार से मुलाकात, पुलिस को मिले अहम सुराग

अलवर के शालीमार नगर में जीएसटी (GST) के सहायक आयुक्त के घर हुई लूटपाट के मामले में आज सोमवार को कैबिनेट मंत्री संजय शर्मा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।
2 min read
Google source verification
home robbery

मंत्री संजय शर्मा ने की परिवार से मुलाकात

अलवर शहर के हसन खां डबल फाटक के पास स्थित शालीमार नगर में बीते शनिवार को स्टेट जीएसटी के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश मेघवाल के घर पर बदमाशों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आज सोमवार को मंत्री संजय शर्मा खुद पीड़ित अधिकारी के घर पहुंचे।

उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली। मंत्री ने मौके से ही पुलिस के आला अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस से अपराधियों को तुरंत ढूंढ निकालने और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बता दें तीन नकाबपोश बदमाशों ने सहायक आयुक्त ओमप्रकाश, उनकी पत्नी उर्मिला और बच्चों पर सीधे देसी कट्टा तान दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लुटेरों ने पूरे परिवार को करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर रखा और घर में जमकर लूटपाट की। बदमाश घर से करीब 15 तोला सोना, चांदी के सिक्के और 35 हजार रुपये कैश समेटकर रफूचक्कर हो गए।


इलाके की रेकी की थी, हरियाणा से जुड़ रहे हैं तार

इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हुई हैं और अब पुलिस के हाथ कुछ बेहद अहम सुराग लगे हैं। आस-पास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने के बाद यह साफ हो गया है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इस घर और पूरे इलाके की अच्छी तरह से रेकी की थी। पुलिस का मानना है कि बदमाश इस क्षेत्र के रास्तों से बहुत अच्छी तरह वाकिफ थे। इसके अलावा, बातचीत के दौरान बदमाशों की ओर से इस्तेमाल की गई भाषा के आधार पर पुलिस को शक है कि इस गैंग का हरियाणा से गहरा कनेक्शन हो सकता है।

पकड़े जाने के डर से ठिकाने बदल रहे हैं बदमाश

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद से ही अपराधी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं और इधर-उधर घूम रहे हैं। पुलिस अब कड़ियों को जोड़ने का काम कर रही है। हालांकि, तफ्तीश के मद्देनजर पुलिस अभी मीडिया के सामने ज्यादा कुछ बोलने से बच रही है, लेकिन अधिकारियों का दावा है कि बदमाशों का हुलिया लगभग साफ हो चुका है और वे बहुत जल्द सलाखों के पीछे होंगे।