
बानसूर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले की रसनाली ग्राम पंचायत के गांव बाढ़ मिलकपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में शोक जताने के लिए जुटे लोगों के बीच अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से महिला, पुरुष और बच्चों समेत 15 लोग झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से झुलसी दो महिलाओं को जयपुर रेफर किया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी जयराम गुर्जर का शुक्रवार को निधन हो गया था। इसके चलते घर में शोक का माहौल था। रिश्तेदारों और ग्रामीणों का घर पर आना-जाना लगा हुआ था। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे घर में मौजूद एक महिला हीटर पर चाय बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर में रिसाव होने से अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और टेंट की चांदनी को भी अपनी चपेट में ले लिया। वहां मौजूद लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए।
हादसे में घायल पांच लोगों को बानसूर के राजकीय उपजिला अस्पताल लाया गया। इनमें मूर्ति देवी और बतो देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं 80 प्रतिशत से अधिक झुलस गई हैं। वहीं, तीन घायलों को कोटपूतली जिला अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा करीब 10 घायलों को सीधे कोटपूतली अस्पताल ले जाया गया था। जानकारी के अनुसार, वहां से भी घायलों को जयपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम डॉ. नवनीत कुमार, तहसीलदार अभिमन्यु सिंह और बासदयाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घायलों के उपचार और रेफरल की व्यवस्था की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जयपुर भिजवाने की व्यवस्था की गई।
सिलेंडर में आग लगने से 15 महिला और पुरुष घायल हो गए। जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सिलेंडर में आग लगने से मूर्ति देवी पत्नी जयराम, सुरेश पुत्र कैलाश, लीलाराम पुत्र जयराम, बनारसी देवी पत्नी रामशरण, बत्ततो पुत्री जयराम, छोटी देवी पत्नी उमराव, कविता पत्नी अनिल, लाली देवी पत्नी हवलदार, उमा देवी पत्नी घमन, कैलाश पुत्र जयराम, रामस्वरूप पुत्र श्रीराम, बलराम पुत्र जयराम, विजेंद्र पुत्र कैलाश, कौशल्या पत्नी राम सिंह और बिल्लू पुत्र रामेश्वर घायल हो गए।