21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / टखने में GPS की बेड़ी… अमरीका में जमानत के बाद ‘इलेक्ट्रॉनिक कैद’ में राजस्थान का गैंगस्टर अमित पंडित

टखने में GPS की बेड़ी… अमरीका में जमानत के बाद ‘इलेक्ट्रॉनिक कैद’ में राजस्थान का गैंगस्टर अमित पंडित

अमरीका में बैठकर राजस्थान के कारोबारियों को जान से मारने की धमकियां देने और रंगदारी वसूलने वाले गैंगस्टर्स पर शिकंजा कसता जा रहा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Anil Prajapat

•

image

मुकेश शर्मा

•

Updated: 21 Nov 2026, 11:58 AM IST

Amit Sharma-1

गैंगस्टर अमित शर्मा उर्फ जैक पंडित। फोटो: पत्रिका

मुकेश शर्मा

जयपुर। अमरीका में बैठकर राजस्थान के कारोबारियों को जान से मारने की धमकियां देने और रंगदारी वसूलने वाले गैंगस्टर्स पर शिकंजा कसता जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की सख्ती के बीच रोहित गोदारा गैंग का फाइनेंस नेटवर्क संभालने वाला आरोपी अमरीका में जमानत मिलने के बावजूद खुली हवा में सांस नहीं ले पा रहा है। अमरीकी एजेंसियों ने उसके टखने पर इलेक्ट्रॉनिक जीपीएस मॉनिटर बांध दिया है, जिससे उसके हर कदम पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।

इन गैंगस्टर्स के भारत आने के बाद कई राज्यों की पुलिस के हाथ बड़े सुराग लग सकते हैं। पूछताछ में विदेश से होने वाली फंडिंग, हवाला चैनल, हथियारों के सप्लायर्स और भारत में वारदात के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल करने वाले पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।

अक्टूबर-2025 में हुआ था गिरफ्तार, जमानत मिली… निगरानी पूरी

यह शातिर गैंगस्टर श्रीगंगानगर निवासी अमित शर्मा उर्फ जैक पंडित है। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने सीबीआइ और इंटरपोल के साथ मिलकर अक्टूबर 2025 में उसे अमरीका में गिरफ्तार करवाया था।

गैंग का कैशियर

पुलिस के मुताबिक अमित पंडित कारोबारियों से वसूली गई रंगदारी को हवाला के जरिये भारत में सक्रिय गुर्गों तक पहुंचाता था। इसके अलावा हथियारों की खरीद, फरार बदमाशों को फंडिंग और फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में भी उसकी भूमिका थी।

लक्ष्मण रेखा पार की तो बज जाएगा अलर्ट

अमरीका में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उसके पैर में जीपीएस लगाया गया है। अगर वह तय की गई भौगोलिक सीमा से बाहर जाता है या किसी शर्त को तोड़ता है, तो तुरंत अमरीकी एजेंसियों को अलर्ट मिल जाएगा।

जग्गा के बाद 'हरि बॉक्सर' सलाखों के पीछे

अमरीका में भारतीय गैंगस्टर्स की धरपकड़ जारी है। लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा सिंडिकेट से जुड़े बदमाश एक के बाद पकड़े गए। राजस्थान में 22 मामलों में वांछित हरि बॉक्सर पर विदेश से हथियारों की सप्लाई और रंगदारी नेटवर्क चलाने का आरोप है।

कारोबारियों से वसूलते रंगदारी

पुलिस के मुताबिक ये गैंगस्टर विदेश से अपना गैंग चला रहे हैं। देश-प्रदेश के कारोबारियों को कॉल करके उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं और फिर अपने गुर्गों के जरिये रंगदारी वसूलते हैं।

जगदीप उर्फ जग्गाः हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी के मामलों में वांछित जग्गा को अक्टूबर 2025 में अमरीका में पकड़ा गया था।
हरिचंद जाट उर्फ हरि बॉक्सरः गत 7 नवंबर को अमरीकी एजेंसी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट ने हिरासत में लिया।

कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही भारत लाया जाएगा

अमरीका में पकड़े गए तीनों गैंगस्टर्स को भारत डिपोर्ट कराने के लिए सीबीआइ और इंटरपोल के जरिये लगातार संपर्क में हैं। इनमें से दो जेल में हैं और एक (अमित पंडित) जीपीएस निगरानी के साथ जमानत पर है। वहां की कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही तीनों को भारत लाया जाएगा।
दिनेश एम.एन., एडीजी, राजस्थान एटीएस-एजीटीएफ