21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी बचाने को BJP का ‘प्लान-बी’: मंत्री-विधायक हुए सक्रिय; त्रिशंकु जिलों में बाड़ेबंदी शुरू

जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी बचाने को BJP का ‘प्लान-बी’: मंत्री-विधायक हुए सक्रिय; त्रिशंकु जिलों में बाड़ेबंदी शुरू

राजस्थान पंचायत चुनाव में स्पष्ट बहुमत न मिलने के बाद जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी बचाने के लिए भाजपा सक्रिय हो गई है। त्रिशंकु जिलों में विजयी प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर उन्हें अजमेर से कुम्भलगढ़ शिफ्ट किया गया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 21 Nov 2026, 10:18 AM IST

BJP Plan-B

नतीजों ने बजाया सत्तापक्ष के लिए अलर्ट अलार्म (Photo-Patrika)

जयपुर. पंचायत चुनाव के नतीजों ने भाजपा के सामने जिला परिषद और पंचायत समितियों में बोर्ड गठन की चुनौती खड़ी कर दी है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में पार्टी स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं कर पाई, जबकि कांग्रेस ने कई जिलों में उलटफेर करते हुए अपनी स्थिति मजबूत की है। ऐसे में अब चुनावी मुकाबला खत्म होने के बाद जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी के लिए सियासी जोड़तोड़ शुरू हो गई है। भाजपा ने उन जिलों पर विशेष फोकस किया है, जहां पार्टी की सीटें बहुमत के आसपास हैं, लेकिन बोर्ड बनाने के लिए कुछ और सदस्यों के समर्थन की जरूरत है। पार्टी ने ऐसे जिलों में अपने विजेता प्रत्याशियों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार देर रात तक कई जगहों पर प्रत्याशियों को उनके मौजूदा ठिकानों से दूसरी जगह शिफ्ट किया जाता रहा। पार्टी को आशंका हैं कि बोर्ड गठन से पहले कांग्रेस या दूसरे दल निर्दलीयों और बागी प्रत्याशियों के समर्थन से समीकरण बदल सकते हैं। इसी वजह से भी संभावित राजनीतिक जोड़तोड़ को रोकने के लिए पहले से ही इंतजाम किए जा रहे हैं।

निर्दलीय और बागियों पर नजर, प्लान-बी पर काम

भाजपा ने उन निर्दलीय और बागी प्रत्याशियों पर भी नजर रखी है, जो जिला प्रमुख या प्रधान के चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे प्रत्याशियों से संपर्क साधने और उन्हें अपने पक्ष में करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। पार्टी ने इसके लिए प्लान-बी भी तैयार किया है, ताकि जहां स्पष्ट बहुमत नहीं है, वहां समर्थन जुटाकर बोर्ड गठन का रास्ता निकाला जा सके।

विधायक और स्थानीय नेता किए सक्रिय, नजर रखने की दी जिम्मेदारी

भाजपा संगठन ने संभाग प्रभारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं। संबंधित जिलों के स्थानीय विधायकों और प्रभावशाली नेताओं को भी सक्रिय कर दिया गया है। उन्हें शनिवार से जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक प्रत्याशियों के संपर्क में रहने और राजनीतिक समीकरणों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

अजमेर के विजयी प्रत्याशी जयपुर से कुम्भलगढ़ के लिए रवाना

जिला परिषद चुनाव परिणाम आने के साथ ही भाजपा खेमे में हलचल बढ़ गई है। कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, विधायक व चुनाव प्रभारी बालमुकुन्दाचार्य सहित नेताओं ने शुक्रवार को जयपुर के एक रिसॉर्ट पहुंचकर वहां ठहरे विजयी प्रत्याशियों का मुंह मीठा कराया। रात को भाजपा के जीते प्रत्याशी जयपुर से कुम्भलगढ़ के लिए रवाना हो गए।

निकाय-पंचायत चुनाव के कुल वोटों का गणित

प्रदेश में निकाय-पंचायत चुनाव को विधानसभा का सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में मतों का गणित देखा जाए तो इस बार निकाय-पंचायत चुनाव दोनों में कांग्रेस को मिले मतों ने भाजपा को 12.97 लाख से अधिक से पीछे छोड़ दिया। नगरीय निकाय चुनाव में जहां भाजपा ने 98 हजार से अधिक वोटों की बढ़त बनाकर कांग्रेस को हराया। वहीं पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को 13.30 लाख वोट अधिक मतों से हराया। पंचायत चुनाव के नतीजों ने सत्तापक्ष के लिए चेतावनी का अलार्म बजा दिया है। क्षेत्रीय दलों के रूप में पहचान बना चुके रालोपा व बीएपी दोनों को पंचायत चुनाव में कुल करीब 25 लाख मतदाताओं का साथ मिला जो भाजपा और कांग्रेस के मतों के अंतर से काफी अधिक है।

कांग्रेस को भाजपा से 3.5 प्रतिशत वोट अधिक

पंचायत चुनाव में कुल 2.73 करोड़ से वोट डाले गए, जिनमें से 37 जिलों में 2 करोड़ 48 लाख 63 हजार 783 लोगों ने मतदान किया। उधर, निकाय चुनाव में इस बार 1 करोड़ 6 लाख 82 हजार 294 वोट डाले गए। पंचायत समिति और नगरीय निकाय चुनाव को जोड़कर देखा जाए तो कांग्रेस को भाजपा से करीब साढ़े तीन फीसदी वोट अधिक मिले।