21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / Jaipur Panchayat Chunav Result: कांग्रेस का एकतरफा कब्जा, जिला प्रमुख को मिली करारी हार, CM के ‘गढ़’ में भी हुआ बड़ा फलटफेर

Jaipur Panchayat Chunav Result: कांग्रेस का एकतरफा कब्जा, जिला प्रमुख को मिली करारी हार, CM के ‘गढ़’ में भी हुआ बड़ा फलटफेर

जयपुर पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए जिला परिषद की 57 में से 41 सीटों और 14 पंचायत समितियों पर कब्जा जमाया है। चुनाव में निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चौपड़ा को हार का सामना करना पड़ा, जबकि सांगानेर में रालोपा ने बहुमत हासिल कर चौंकाया।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 21 Nov 2026, 9:51 AM IST

Jaipur Panchayat Chunav Result

विजेता घोषित होने के बाद प्रत्याशी के समर्थक (Photo-Patrika)

जयपुर के शहरी चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर के बाद अब गांवों में कांग्रेस ने ने अपना दम दिखाया है। पंचायतीराज चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने जिला परिषद से लेकर पंचायत ज समितियों तक बढ़त बनाते हुए भाजपा को पीछे छोड़ दिया। जिला परिषद की 57 में से 41 सीटें जीतने के साथ कांग्रेस ने 22 पंचायत समितियों में से 14 में में पूर्ण बहुमत हासिल किया। सांगानेर क्षेत्र के कुछ क्षेत्रों में रालोपा ने जीत दर्ज कर चुनावी नतीजों को दिलचस्प बना दिया। मतगणना केंद्रों पर शुक्रवार को पर्चियां आती रहीं और समीकरण बदलते रहे। कहीं जीत ने जोश भरा तो कहीं हार ने हौसले पस्त किए।

जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस का दबदबा, 41 सीटों पर जीत

पंचायतीराज चुनाव के परिणामों में जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम किया है। जिला परिषद के 57 वार्डों में से अब तक घोषित 55 वार्डों के परिणामों में कांग्रेस ने 41 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा को 12 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) को 2 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। 2 वार्डों के परिणाम तकनीकी कारणों से घोषित नहीं हुए है। कांग्रेस ने बहुमत के लिए जरूरी 29 सीटों के मुकाबले कहीं अधिक सीटें हासिल कर जिला परिषद में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। परिणामों के बाद कांग्रेस ने जिला प्रमुख पद के लिए राजनीतिक कवायद शुरू कर दी है।

कांग्रेस ने भाजपा को बड़े अंतर से पछाड़ते हुए जिला परिषद में मजबूत बढ़त बनाई। कई वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने हजारों मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वार्ड 42 से कांग्रेस प्रत्याशी नीमा ने 8684 मतों के सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल की। वहीं वार्ड 44 से रेखा देवी ने 7548, वार्ड 18 से सुनील कुमार कुमावत ने 7096 और वार्ड 38 से चन्द्रप्रकाश ने 6528 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

रमा चौपड़ा को कांग्रेस के सुनील कुमार कुमावत ने हराया

जिला परिषद चुनाव में इस बार निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चौपड़ा और उप जिला प्रमुख मोहन डागर को भी हार का सामना करना पड़ा। वार्ड 18 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहीं निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चौपड़ा को कांग्रेस के सुनील कुमार कुमावत ने 7096 मतों से पराजित किया। सुनील कुमार कुमावत को 14,855 मत मिले, जबकि रमा चौपड़ा को 7759 मत प्राप्त हुए। इसी तरह वार्ड 12 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे निवर्तमान उप जिला प्रमुख मोहन डागर को भाजपा के मोहनलाल दादरवाल ने 255 मतों से हरा दिया।

प्रमुख आंकड़े

पार्टी / स्थितिसीटें
कांग्रेस41
भाजपा12
रालोपा (RLP)2
परिणाम रोका गया2
कुल वार्ड57

22 पंचायत समितियों में भी कांग्रेस सत्ताधारी दल से आगे

जयपुर जिले की पंचायत समितियों के परिणामों में भी कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त बनाई है। 22 पंचायत समितियों के 386 वार्डो में से 383 के परिणाम घोषित किए गए। इनमें कांग्रेस ने 216 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 87 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) को 60 सीटें मिलीं। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने 20 वार्डों में जीत हासिल की। तीन वार्डों के परिणाम अभी घोषित नहीं हुए है। चुनाव परिणामों में सबसे चौंकाने वाला प्रदर्शन रालोपा का रहा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में रालोपा ने आठ सीटें जीतकर पंचायत समिति में बहुमत हासिल कर लिया। यहां भाजपा और कांग्रेस को तीन- तीन सीटें मिलीं, एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।

कांग्रेस को 14 पंचायत समितियों में पूर्ण बहुमत

जिले की 22 पंचायत समितियों में से कांग्रेस ने 14 में पूर्ण बहुमत हासिल किया है। बस्सी में 25 में से 18, जमवारामगढ़ में 23 में से 18, आमेर में 21 में से 12, गोविंदगढ़ में 15 में से 11 और शाहपुरा में 19 में से 11 सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। शाहपुरा में एक वार्ड का परिणाम लंबित है। इसी प्रकार जोबनेर और किशनगढ़ रेनवाल में 19-19 में से 11-11, कोटखावदा में 15 में से 11, चाकसू में 17 में से 10, माधोराजपुरा और तूंगा में 15-15 में से 10-10, फागी में 15 में से 9 तथा झोटवाड़ा में 15 में से 8 सीटें कांग्रेस ने जीतीं।

भाजपा को दो पंचायत समितियों में बहुमत

चौमूं में 25 वार्डों में से भाजपा ने 13 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। यहां कांग्रेस को 9 और रालोपा को दो सीटें मिलीं, एक वार्ड का परिणाम लंबित है। सांभरलेक पंचायत समिति के 17 वार्डों में से भाजपा को 9 सीटें जीतकर बहुमत प्राप्त किया। कांग्रेस को 5, रालोपा को 3 सीटें मिलीं।

सांगानेर में रालोपा का कब्जा

सांगानेर की पंचायत समिति में रालोपा ने अप्रत्याशित प्रदर्शन में 15 वार्ड में से रालोपा ने 8 जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया। भाजपा-कांग्रेस को 3-3 और 1 सीट निर्दलीय को मिली। अमरसर, मौजमाबाद, रामपुरा डाबड़ी, दूदू और जालसू पंचायत समिति में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल पाया है।

जयपुर जिले की 5 बूथों पर 22 नवंबर को फिर होगा मतदान

पंचायतीराज चुनाव की मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण जयपुर जिले के पांच बूथों के परिणाम जारी नहीं हो सके। राज्य निर्वाचन आयोग ने इन बूथों पर हुए मतदान को शून्य घोषित करते हुए 22 नवंबर को पुनर्मतदान कराने के आदेश दिए हैं। इनमें जिला परिषद के दो और पंचायत समितियों के तीन बूथ शामिल है। पंचायत समिति शाहपुरा का एक बूथ भी इनमें है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव राजेश वर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिला परिषद जयपुर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 13 के बूथ संख्या 60 और निर्वाचन क्षेत्र संख्या 52 के बूथ संख्या 81 पर दोबारा मतदान होगा। वहीं, पंचायत समिति दूदू के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 6 के बूथ संख्या 62, शाहपुरा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 6 के बूथ संख्या 34 और चौमूं के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 25 के बूथ संख्या 142 पर भी पुनर्मतदान कराया जाएगा। 22 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन रात 9 बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला परिषद सदस्यों की मतगणना जिला मुख्यालय पर और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर कराई जाएगी।