अलवर

बानसूर में फर्जी मतदान पर भिड़े प्रत्याशी समर्थक, जमकर चले लात-घूंसे

राजस्थान पंचायत चुनाव (Rajasthan Panchayat Election) के दूसरे चरण के दौरान कोटपूतली बहरोड़ के बानसूर में फर्जी मतदान (Fake Voting) के आरोप पर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। माजरा अहीर में सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों में जमकर मारपीट हुई।
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2026, 6:11 PM IST
bansur panchayat election fake voting clash
बानसूर में फर्जी मतदान पर भिड़े प्रत्याशी समर्थक

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है। इसी बीच कोटपूतली-बहरोड़ जिले के अंतर्गत आने वाले बानसूर क्षेत्र की ग्राम पंचायत माजरा अहीर से हिंसक झड़प की खबर सामने आई है। मतदान केंद्र (Polling Station) पर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो सरपंच प्रत्याशियों (Sarpanch Candidates) के समर्थक आपस में उलझ पड़े।

विवाद की शुरुआत एक पक्ष की ओर से दूसरे पर फर्जी वोट डलवाने का आरोप लगाने से हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला लात-घूंसों और मारपीट (Clash) तक पहुंच गया। पोलिंग बूथ परिसर में अचानक हुई इस झड़प से कतारों में खड़े मतदाताओं में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। 

पुलिस ने किया बीच-बचाव 

मौके पर मौजूद पुलिस (Police) जाब्ते ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों गुटों को अलग कर बीच-बचाव कराया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों से समझाइश कर तनावपूर्ण माहौल को शांत किया, जिसके बाद वोटिंग दोबारा सुचारू हो सकी। तनाव के बावजूद बानसूर की 45 ग्राम पंचायतों में मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बानसूर में सुबह 10 बजे तक 18.38 प्रतिशत वोट पड़े थे, जो दोपहर 1 बजे तक बढ़कर 45.42 प्रतिशत तक पहुंच गए।

यहां भी मतदान 

वहीं दूसरी ओर, पड़ोसी अलवर जिले की पांच पंचायत समितियों (राजगढ़, उमरैण, थानागाजी, मालाखेड़ा और लक्ष्मणगढ़) में भी पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान की रफ्तार तेज बनी हुई है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, अलवर जिले में पंजीकृत कुल 5,77,518 मतदाताओं (Registered Voters) में से दोपहर 1 बजे तक 2,58,820 लोग अपना वोट डाल चुके थे। इस तरह जिले में दोपहर 1 बजे तक कुल 44.82 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।

इससे पहले सुबह 10 बजे तक जिले में 17.41 प्रतिशत वोटिंग हुई थी, जब 1,00,549 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। पंचायत समितियों के आंकड़ों पर नजर डालें तो उमरैण समिति में सबसे अधिक मतदान दर्ज हुआ है, जबकि राजगढ़ पंचायत समिति वोटिंग प्रतिशत के मामले में सबसे पीछे चल रही है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा (Security) व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना (Vote Counting) शुरू की जाएगी।

Updated on:
30 Oct 2026, 6:11 PM IST
Published on: