अलवर

जनगणना ड्यूटी का टेंशन छूमंतर! बहरोड़ की लेडी टीचर्स की मजेदार ‘रील्स’ सोशल मीडिया पर वायरल

अलवर के बहरोड़ में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच राष्ट्रीय जनगणना का काम जोरों पर है। चिलचिलाती धूप में घर-घर जाकर आंकड़े जुटाना काफी थका देने वाला काम है, लेकिन यहां की महिला शिक्षिकाओं ने काम के तनाव को दूर करने के लिए सोशल मीडिया पर मजेदार 'रील्स' बनाकर धूम मचा दी है।
2 min read
May 22, 2026
census duty reels
जोकर से जनगणना में सहयोग की अपील करवाती लेडी टीचर (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी में घर से बाहर निकलना भी दूभर हो रहा है। ऐसे मुश्किल मौसम में सरकारी कर्मचारियों को राष्ट्रीय जनगणना जैसे बेहद महत्वपूर्ण अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षकों को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर आंकड़े जुटाने पड़ रहे हैं। ड्यूटी की यह चुनौती किसी परीक्षा से कम नहीं है, लेकिन बहरोड़ क्षेत्र की महिला शिक्षकों (शिक्षिकाओं) ने इस काम को बेहद रोचक और मनोरंजक बना दिया है। गर्मी और काम के भारी तनाव से बचने के लिए इन शिक्षिकाओं ने रचनात्मकता का सहारा लिया है, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

लोग पसंद कर रहे वीडियो

सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर की गई ये रील्स अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला रही है। ऐसे ही एक वायरल वीडियो में एक शिक्षिका एक गांव की गलियों में डेटा इकट्ठा कर रही थी, तभी उसका सामना एक स्थानीय कलाकर (जोकर/बहरूपिए) से हो गया। शिक्षिका ने अपना मोबाइल कैमरा ऑन किया और मजाकिया अंदाज में उस जोकर से ही राष्ट्रीय जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील कर डाली।

'धूप हो या छांव सजन, मैं तो आऊंगी

तेज धूप में एक घर से दूसरे घर में जाती नजर आ रही है। इस वीडियो को रोचक बनाने के लिए शिक्षिका ने बैकग्राउंड में बॉलीवुड सॉन्ग "धूप हो या छांव सजन, मैं तो आऊंगी तुमसे मिलने आग पे भी चल के जाऊंगी…" लगा दिया। कड़ी धूप, ढका हुआ चेहरा और यह सटीक गाना इन तीनों का तालमेल इतना जबरदस्त है कि देखने वाले अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। लोग वीडियो पर कमेंट कर शिक्षिका के सेंस ऑफ ह्यूमर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वीडियो में शिक्षिकाएं कभी खेतों के रास्तों से गुजरती दिखाई देती है तो कभी ग्रामीणों से जानकारी लेते हुए नजर आती है। इन रिल्स में जनगणना ड्यूटी की चुनौतियों के साथ-साथ हल्के मनोरंजन का भी मिश्रण देखने को मिल रहा है।


काम का तनाव दूर करने का नायाब तरीका

आमतौर पर सरकारी ड्यूटी और वो भी इतनी भीषण गर्मी में, काफी उबाऊ और तनावपूर्ण होती है, लेकिन बहरोड़ की इन महिला शिक्षकों ने यह साबित कर दिया है कि सकारात्मक सोच और थोड़ी सी रचनात्मकता के जरिए किसी भी मुश्किल काम को हंसते-मुस्कुराते पूरा किया जा सकता है। चिलचिलाती धूप में राष्ट्र निर्माण के इस अहम कार्य (जनगणना) को बखूबी अंजाम देतीं और साथ ही सोशल मीडिया पर अपनी कला बिखेरती ये शिक्षिकाएं इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Updated on:
22 May 2026 12:09 pm
Published on:
22 May 2026 12:09 pm