बहरोड़ नगर पालिका उपाध्यक्ष को शादी समारोह में बदमाशों ने गोली मार दी।
बहरोड़. अलवर के बहरोड़ में सोमवार देर रात गोली चलने से हडक़ंप मच गया। बदमाशों ने बहरोड़ नगर पालिका उपाध्यक्ष को निशाना बनाया। कस्बे के हाइवे स्थित शक्ति रिसोर्ट होटल में सोमवार रात शादी समारोह के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने भाजपा के बहरोड़ नगर पालिका उपाध्यक्ष राकेश शर्मा को कनपटी पर गोली मार दी। वारदात के बाद शादी-समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बदमाश हरियाणा की तरफ फरार हो गए। शर्मा को गंभीर हालत में बहरोड़ के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। देर रात तक गोली निकालने के प्रयास जारी थे।
जानकारी के अनुसार बहरोड़ नगरपालिका उपाध्यक्ष राकेश शर्मा (32) सोमवार रात कस्बे में स्थित शक्ति रिसोर्ट होटल में आयोजित बहरोड़ निवासी उद्योगपति सुरेंद्र यादव की बेटी की शादी में गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे वहां अचानक हथियारों से लैस दो बदमाश आए और उन्होंने शर्मा की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगने के बाद शर्मा खून से लथपथ होकर वहीं गिर गए। गोली चलने से शादी समारोह में हडक़म्प मच गया और लोगों में भगदड़ मच गई। वारदात की सूचना मिलने के बाद पूरे कस्बे में पुलिस नाकेबंदी करा दी गई।
डीएसपी जनेशसिंह तंवर और थानाधिकारी भरत सिंह मेहर घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बदमाशों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज देखे। इस दौरान पूर्व चेयरमैन जलेसिंह यादव, बीजेपी के जिला महामंत्री देवेन्द्र यादव, कांग्रेस के जिला महासचिव बलबीर छिल्लर, डॉ. आरसी यादव आदि भी शादी समारोह में मौजूद थे।
दोनों बदमाशों के हाथों में दो-दो पिस्टल
पालिका उपाध्यक्ष राकेश शर्मा पर हमला करने शादी समारोह में दो बदमाश बड़े आराम से घुसे। दोनों के हाथों में दो-दो पिस्टल थी। समारोह में खाने की स्टॉल के पास खड़े पालिका उपाध्यक्ष के पास दोनों बदमाश पहुंचे और उन्हें गोली मारकर आसानी से वहां से निकल गए।