अलवर

Rajasthan: एग्रो एलाइड फैक्टरी में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां पहुंची, मची अफरा-तफरी

राजस्थान के बहरोड़ क्षेत्र में रविवार को एक एग्रो एलाइड फैक्टरी में भीषण आग लग गई, जिससे आसपास की कंपनियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को खाली कराया गया।

2 min read
Apr 26, 2026
factory-fire
फैक्टरी में आग लगने के दौरान की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)

अलवर। बहरोड़ के केशवाना औद्योगिक क्षेत्र में रविवार शाम एक एग्रो एलाइड फैक्टरी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही देर में फैक्टरी का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आसपास के इलाके में धुआं फैलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए बहरोड़, नीमराणा और आसपास के क्षेत्रों से कुल 7 दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। अग्निशमन अधिकारी अजय चौधरी के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने करीब दो से तीन घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, क्योंकि फैक्टरी में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल रही थी।

समय रहते कर्मचारियों को निकाला बाहर

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फैक्टरी में मौजूद कर्मचारियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

मशीनरी जलकर राख

हालांकि, आग की वजह से फैक्टरी में रखा कच्चा माल और मशीनरी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया, ताकि किसी तरह का खतरा न रहे। फिलहाल आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई है और स्थिति सामान्य हो चुकी है।

रसायन से फैली तेज आग

बताया जा रहा है कि इस फैक्टरी में कृषि से संबंधित रसायनिक उत्पादों का निर्माण किया जाता है। इसमें कई तरह की कीटनाशक और खरपतवार नाशक दवाएं बनाई जाती हैं। इससे संबंधित कई तरह के रसायन फैक्टरी के अंदर मौजूद थे, जिसकी वजह से आग और विकराल होती चली गई।

Published on:
26 Apr 2026 08:48 pm