मुंडावर विधायक ललित यादव को अलवर लोकसभा का प्रत्याशाी घोषित करने के बाद कांग्रेस में फूट की बात सामने आई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और एआईसीसी के महासचिव जितेंद्र सिंह ने किसी भी तरह की फूट से इनकार किया है।
अलवर। मुंडावर विधायक ललित यादव को अलवर लोकसभा का प्रत्याशाी घोषित करने के बाद कांग्रेस में फूट की बात सामने आई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और एआईसीसी के महासचिव जितेंद्र सिंह ने किसी भी तरह की फूट से इनकार किया है। सिंह ने राजस्थान पत्रिका से बातचीत में बेबाकी से अपनी बात रखी और दावा किया कि अलवर में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत होगी।
प्रश्न. ललित यादव को टिकट देने से कुछ नेताओं में नारजगी है ?
उत्तर-कांग्रेस पार्टी में कोई फूट नहीं है। हम एकजुट हैं। मेरी पूर्व सांसद करण सिंह से फोन पर बातचीत हुई है। वो किसी शादी में गए हैं, दो दिन बाद वो कैम्पेन में शामिल होंगे। संदीप यादव से भी बात हुई, वो शुक्रवार से कैम्पेन में शामिल होने जा रहे हैं।
प्रश्न. कई कांग्रेस नेता भाजपा का रुख कर रहे हैं ?
उत्तर-भाजपा के पास अलवर में सिर्फ इनके हारे हुए नेता रह गए हैं और कोई नेता इनके साथ नहीं है। कांग्रेस का व्यक्ति इनके झांसे में नहीं आएगा।
प्रश्न. किन मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएंगे ?
उत्तर-भाजपा के पास राम मंदिर, बिरादरी और जात ही मुद्दा है। लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय स्तर के मुद्दे होते हैं, लेकिन स्थानीय स्तर के मुद्दे भी हावी रहते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कल्याणकारी स्कीम चलाई थी, लेकिन यह सरकार उन्हें बंद करने का काम कर रही है। कई योजनाएं बंद हो चुकी है और जो बची हैं उन्हें लोकसभा चुनाव के बाद बंद कर दिया जाएगा। ओपीएस को लेकर कर्मचारी नाराज हैं। इन्हीं मुद्दों के आधार पर जनता हमारे साथ आएगी;
प्रश्न. आप जीत का दावा किस आधार पर कर रहे हैं ?
उत्तर-भाजपा को पिछले दस साल से स्थानीय प्रत्याशी नहीं मिल पा रहा है। इस बार चुनाव में स्थनीय बनाम बाहरी का मुद्दा उठेगा। स्थानीय व्यक्ति के दिल में जनता के लिए दर्द होता है, वह संस्कृति को जानता है। इस बार जनता बाहरी लोगों को बर्दाश्त नहीं करेगी। हमें पूर्ण विश्वास है कि ललित यादव जीतेंगे। भाजपा ने जनता के बीच विश्वास खो दिया है।