अलवर

Rajasthan Election Live Update: राजस्थान के सिंंहद्वार अलवर में चार दिन दिग्गज नेता करेंगे जनसभा, जानिए कब आएंगे राहुल गांधी और वसुंधरा राजे

Rajasthan Election Live Update: अलवर जिले में 4 दिसम्बर तक बड़े नेताओं का डेरा रहेगा। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी चार दिसम्बर को अलवर जिले के मालाखेड़ा में दोपहर एक बजे सभा को संबोधित करेंगे।
2 min read
Dec 01, 2018
Rajasthan Election 2018
राजस्थान के सिंंहद्वार अलवर में चार दिन दिग्गज नेता करेंगे जनसभा, जानिए कब आएंगे राहुल गांधी और वसुंधरा राजे

अलवर. विधानसभा चुनाव प्रचार में अब स्टार प्रचारकों ने जान झोंक दी है। अलवर जिले में 4 दिसम्बर तक बड़े नेताओं का डेरा रहेगा। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी चार दिसम्बर को अलवर जिले के मालाखेड़ा में दोपहर एक बजे सभा को संबोधित करेंगे।

पंजाब सरकार में मंत्री व पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू शनिवार दोपहर खैरथल आएंगे। वे यहां कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में सभा को संबोधित करेंगे। उधर, मुण्डावर में गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी कई गांवों का दौरा कर जनसम्पर्क करेंगे।

प्रचार में फुंकेंगे जान

राजस्थान के विधानसभा चुनावों में भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टियों की नजरें अलवर की 11 सीटों पर बराबर है। तभी तो दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं की सभाएं यहां हो रही हैं। पहले 25 नवम्बर को भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अलवर शहर में जनसभा की। अब कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी चार दिसम्बर को मालाखेड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे। अब राहुल गांधी भी जन सभा के जरिए प्रचार में जान फूंकेंगे। उनके आने की तैयारियां भी पार्टी के स्तर पर जोर शोर से चल रही हैं।

उल्लेखनीय है कि अब सात दिसम्बर को जिले की 11 विधानसभा सीटों की बजाय 10 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। रामगढ़ विधानसभा सीट का चुनाव बस प्रत्याशी की मौत के कारण स्थगित हो चुका है। जिसके चुनाव के लिए चुनाव आयोग नई तारीख घोषित करेगा।

तिवाड़ी आज बहरोड़ में

बहरोड़. कस्बे में शनिवार सुबह 9 बजे सुरभि मैरिज होम पुरानी कचहरी के पीछे जिलानी माता रोड पर भारत वाहिनी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम तिवाड़ी चुनावी जनसभा करेंगे। महेंद्र शर्मा ने बताया कि पार्टी के प्रत्याशी मुकेश शर्मा के समर्थन में प्रदेशाध्यक्ष तिवाड़ी सुबह 9 बजे हेलीकॉप्टर से आएंगे।

राजनाथ सिंह व वसुंधरा कल आएंगे

बानसूर विधानसभा क्षेत्र में दो दिसम्बर को केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ ङ्क्षसह आएंगे। यहां भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करेंगे। इसी दिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बहरोड़ व कठूमर आएंगी। दोनों जगह जनसभा कर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगेंगी।

अब गांधी भरेंगे जोश

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजीव बारेठ ने बताया कि राहुल गांधी सभी कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। मौजूदा सरकार को घेरकर प्रचार में जान फूकने का प्रयास करेंगे। उनके साथ इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट सहित पार्टी के शीर्ष नेता भी मौजूद रहेंगे।

वी. सतीश आज अलवर आएंगे

अलवर. भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी. सतीश शनिवार को सुबह 10 बजे अलवर आएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नरूका ने बताया कि अलवर में विधानसभा विस्तारक, विधानसभा संयोजक, प्रवासी कार्यकर्ता, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष व महामंत्री की बैठक लेंगे।

Updated on:
01 Dec 2018 10:35 am
Published on:
01 Dec 2018 09:09 am