अलवर

अलवर में ब्रज रस उत्सव का आगाज, इंद्रेश उपाध्याय की कथा सुनने उमड़े श्रद्धालु

अलवर शहर में श्याम जू सेवा समिति के तत्वावधान में पांच दिवसीय ब्रज रस उत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलवार से विजय नगर मैदान में हो गया। इस धार्मिक आयोजन में प्रसिद्ध कथा वाचक इंद्रेश उपाध्याय 17 से 23 मार्च तक श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कर रहे हैं।

2 min read
Mar 17, 2026
कथा की शुरुआत मंगलवार से हुई (फोटो - पत्रिका)

अलवर शहर में श्याम जू सेवा समिति के तत्वावधान में 7 दिवसीय ब्रज रस उत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलवार से विजय नगर मैदान में हो गया। इस धार्मिक आयोजन में प्रसिद्ध कथा वाचक इंद्रेश उपाध्याय 17 से 23 मार्च तक श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कर रहे हैं। जिसमें भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से जीवन के सार को समझाया जा रहा है। पहले दिन कथा वाचक इंद्रेश उपाध्याय ने श्रद्धालुओं को जीवन में संयम और क्षमा अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ‘चार बार भोजन कर लें, लेकिन कथा जरूर सुनें’ और सात दिनों तक क्रोध न करने की सीख दी। उपाध्याय ने कथा मौन रहकर सुनने पर भी जोर दिया। कथा की शुरुआत राधा-कृष्ण भजन से हुई, जिससे पंडाल में भक्ति का माहौल छा गया।

23 मार्च तक होगी कथा

17 मार्च से शुरू हुआ यह भक्ति का सफर आगामी 23 मार्च तक अनवरत रूप से जारी रहेगा, जिसमें धर्म और संस्कृति का अनूठा रूप देखने को मिलेगा। कथा के प्रथम दिन मंगलवार को इंद्रेश उपाध्याय ने व्यासपीठ से शुकदेवजी के प्राकट्य और राजा परीक्षित के जन्म के प्रेरक प्रसंगों का वर्णन किया।

15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था

प्रथम दिन होने के कारण भीड़ नियंत्रित रही, लेकिन जैसे-जैसे कथा आगे बढ़ेगी, श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए विजय नगर के मैदान में एक विशाल पंडाल का निर्माण किया गया है, जिसमें एक साथ 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की पुख्ता व्यवस्था की गई है। इस पंडाल को इस प्रकार तैयार किया गया है कि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को कथा श्रवण में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कई राज्यों से आए श्रद्धालु

इंद्रेश उपाध्याय की देशव्यापी लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस कथा महोत्सव में शामिल होने के लिए केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि मुंबई, गुजरात, हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अलवर पहुंचे हैं। इस धार्मिक आयोजन के कारण शहर के अधिकांश होटल और गेस्ट हाउस पहले ही बुक हो चुके हैं, जिससे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।


आयोजन में न केवल श्रद्धालु, बल्कि देशभर से इंद्रेश उपाध्याय के शिष्य और कई प्रतिष्ठित संत व अन्य कथा वाचक भी शामिल हो रहे हैं, जो इस उत्सव की गरिमा को और बढ़ा रहे हैं। आयोजन समिति ने बाहर से आने वाले अतिथियों के रुकने और भोजन की भी विशेष व्यवस्था की है।

19 मार्च को होगा ख़ास दिन

भक्ति के इस महाकुंभ में भजनों का तड़का लगाने के लिए आगामी 19 मार्च का दिन बेहद खास होने वाला है। इस दिन भजन गायक कन्हैया मित्तल अलवर की धरा पर अपने सुप्रसिद्ध 'श्याम भजनों' की प्रस्तुति देंगे। कन्हैया मित्तल की उपस्थिति इस पांच दिवसीय उत्सव का मुख्य आकर्षण मानी जा रही है और उम्मीद की जा रही है कि उस दिन अलवर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्याम प्रेमी विजय नगर मैदान पहुंचेंगे।

Updated on:
17 Mar 2026 06:06 pm
Published on:
17 Mar 2026 05:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर