27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rakshabandhan 2026: जेन-जी भाइयों के लिए स्टाइलिश राखियां, बच्चों पर कार्टून-सुपरहीरो का क्रेज

Rakshabandhan 2026: रक्षाबंधन के नजदीक आते ही बाजारों में राखियों की खरीदारी बढ़ गई है। इस बार राखी का चुनाव भाई की उम्र, पसंद और व्यक्तित्व के हिसाब से हो रहा है। जेन-जी के लिए स्टाइलिश क्रिस्टल और मैटल राखियां हैं, जबकि बच्चों के बीच कार्टून और सुपरहीरो डिजाइन पसंद किए जा रहे हैं।
2 min read
Google source verification
Rakshabandhan 2026

रक्षाबंधन पर बाजार में राखियों का नया ट्रेंड (फोटो - पत्रिका)

Rakshabandhan 2026: बाजार में राखियों की खरीदारी का ट्रेंड भी भाई की उम्र, पसंद और व्यक्तित्व के हिसाब से बदल रहा है। जेन-जी भाइयों के लिए बाजार में अलग-अलग डिजाइन की राखियां उतारी गई हैं। छोटे बच्चों के लिए कार्टून और सुपरहीरो वाली राखियां मौजूद हैं, वहीं पारंपरिक तौर पर बिकने वाली चांदी की राखियों की भी बिक्री हो रही है। बहनें अपने भाइयों की पसंद के आधार पर राखियों का चयन कर रही हैं।

जेन-जी भाइयों के लिए क्रिस्टल और मैटल की स्टाइलिश राखियां पसंद की जा रही हैं तो जेन-अल्फा के लिए कार्टून और सुपरहीरो वाली राखियां बाजार में छाई हुई हैं। दूसरी ओर देसी डिजाइन और चांदी की राखियों की मांग भी बनी हुई है। चांदी की राखियां भी हाई क्लास लोगों के बीच अब भी पॉपुलर है।

राखी के साथ स्टाइल भी जरूरी

अलवर नगर परिषद के बाहर राखियों का बाजार सज गया है। विक्रेता अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि जेन-जी के बीच क्रिस्टल और मैटल राखियां पसंद की जा रही हैं। इनकी खासियत यह है कि राखी को बाद में ब्रेसलेट की तरह भी पहना जा सकता है। इसके अलावा ईविल आई वाले ब्रेसलेट भी ट्रेंड में हैं। इन्हें बुरी नजर से बचाने और सकारात्मकता से जोड़कर देखा जा रहा है।

ये राखियां भी छाई

राखी विक्रेता हेमंत ने बताया कि युवाओं की पसंद को देखते हुए बाजार में पर्सनलाइज्ड राखियां भी उतारी गई हैं। इनमें नाम, खास तस्वीर या राशि के पत्थरों को शामिल किया जा रहा है। यानी बहनें बाजार में मौजूद सामान्य डिजाइन लेने के बजाय भाई की पसंद और उसकी पहचान से जुड़ी राखी भी तैयार करवा रही हैं।

देसी डिजाइन अब भी पसंद

आधुनिक डिजाइन के बीच पारंपरिक राखियों की मांग कम नहीं हुई है। बाजार में मौली, रुद्राक्ष, मोती और लकड़ी से तैयार राखियां भी उपलब्ध हैं। पारंपरिक सजावटी सामग्री से बनी इन राखियों को पसंद करने वाले ग्राहक भी बाजार पहुंच रहे हैं। यही नहीं, साधारण डोरी की राखियां भी अपने पुराने चलन के साथ बाजार में बनी हुई हैं।


बच्चों के लिए कार्टून से सुपरहीरो तक

बच्चों की पसंद को भी बाजार ने अलग जगह दी है। उनके लिए कार्टून कैरेक्टर और सुपर हीरो वाली राखियां उपलब्ध हैं। कार, बाइक और आकर्षक डिजाइन वाली राखियां भी बच्चों को ध्यान में रखकर रखी गई हैं। इससे छोटी उम्र के भाइयों के लिए भी बहनों के पास उनकी पसंद के मुताबिक राखी चुनने के कई विकल्प हैं।

चांदी महंगी पर क्रेज बरकरार

चांदी के दाम तेज हैं, लेकिन क्रेज अब भी बरकरार है। अलवर सर्राफा व्यापार समिति के अध्यक्ष दीपक गर्ग ने बताया कि महिलाएं बाजार में उपलब्ध डिजाइन के अलावा भाई की पसंद के अनुसार चांदी की राखी तैयार करवा रही हैं। इसमें नाम, अक्षर, राशि या पसंद के किसी प्रतीक को शामिल कराया जा रहा है।