
अलवर. आपने भी किसी दलाल के जरिए भिवाड़ी बीड़ा से बहरोड़, नीमराणा, शाहजहांपुर व भिवाड़ी में किसी जमीन का भू उपयोग परिवर्तन कराया है उसका रिकॉर्ड जरूर अपडेट करा लें। कहीं ऐसा नहीं हो कि आपको भी बाद में पता लगे कि जमीन की 90ए ही फर्जी है। ऊपर से फर्जी कागजों की रजिस्ट्री कराकर मोटा पैसा लगा दिया हो। अगर फर्जी पट्टा ले लिया तो होना जाना कुछ नहीं। लेकिन समय से यह पता लग जाएगा कि आप भी किसी दलाल के फर्जीवाड़े में फंस चुके हैं। यह खबर उन लोगों को भी सावचेत करने वाली है जो आगे भविष्य में किसी दलाल के जरिए जमीन की 90ए कराने जा रहे हैं उनको भी सावधान होने की जरूरत है।
मान रहे 500 करोड़ की ठगी
नीमराणा, भिवाड़ी, शाहजहांपुर व बहरोड़ के आसपास के जानकार लोग मान रहे हैं कि इन क्षेत्रों में करीब 500 करोड़ रुपए की जालसाजी हो चुकी है। अभी केवल 10 से 15 करोड़ रुपए का ही फर्जीवाड़ा पकड़ में आया है। प्रशासन की जांच में करीब 23 पट्टे फर्जी मिल चुके हैं। उनके आधार पर प्रशासन के अधिकारी भी इस गिरोह को बड़ा मान रहे हैं। उनका कहना है कि इस पूरे क्षेत्र में कई सौ बीघा जमीनों में ऐसा खेल हो सकता है। जिससे सबसे अधिक जमीन के खरीददार को झटका लगा है। एक तो फर्जी 90ए में करोड़ों रुपया खर्च हो गया। ऊपर से फर्जी कागजों की रजिस्ट्री करा कर सरकार को करोड़ों रुपया चला गया। जो अब वापस भी नहीं हो सकता है।
कई ने 90ए पट्टा अपडेट नहीं कराया
बीड़ा के अधिकारियों का कहना है कि बहुत से लोगों ने दलाल के जरिए पट्टा तो बनवा लिया। लेकिन अभी तक उसका रिकॉर्ड में इंतकाल तक दर्ज नहीं हुआ है। यह भी हो सकता है कि गलतीवश इंतकाल भी दर्ज हो गया हो। लेकिन कभी बीड़ा से रिपोर्ट मांगी गई तो फर्जीवाड़े का खुलासा हो सकता है। इसलिए राजस्व के इंतकाल और बीड़ा के रिकॉर्ड से अपना पट्टा जांच कर लें। ताकि आगे किसी तरह की दिक्कत नहीं आए।
शिकायत सही
यह सही है कि फर्जी पट्टे के मामले इन क्षेत्रों में और अधिक हो सकते हैं। लेकिन यह जांच के बाद ही मालूम चल सकेगा। अभी बीड़ा को कई प्रकरण ऐसे फर्जी मिल चुके हैं।
सुरेश बुनकर, उपखण्ड अधिकारी, नीमराणा