
कोटकासिम. कोटकासिम पंचायत समिति के प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा के लोकेश यादव ने जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निवर्तमान प्रधान डॉ. विनोद कुमारी सांगवान को महज एक मत से पराजित किया। कुल 19 मतों में से लोकेश यादव को 10 मत मिले, जबकि विनोद कुमारी सांगवान को 9 मत प्राप्त हुए। मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे शुरू हुई, जो शाम करीब 4:30 बजे तक चली। इसके बाद मतगणना शुरू की गई और महज 10 मिनट में परिणाम घोषित कर दिया गया। परिणाम सामने आते ही भाजपा समर्थकों में उत्साह छा गया। समर्थकों ने जमकर नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने विजयी प्रत्याशी को पुलिस वाहन से उनके घर रवाना किया। इधर, प्रधान पद के चुनाव के दौरान पंचायत समिति सभागार में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब मतदान प्रक्रिया शुरू होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. विनोद कुमारी सांगवान अपने नवनिर्वाचित 9 सदस्यों के साथ मतदान स्थल पर पहुंचीं। इसी दौरान विपक्षी समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति उग्र होने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। घटना के बाद मौके पर तनाव का माहौल बना रहा। एहतियात के तौर पर हथियारबंद पुलिस जवानों की तैनाती की गई और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर कुमार बुटोलिया, किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव, कोटकासिम थाना प्रभारी जसवंत यादव, किशनगढ़बास थाना प्रभारी शेरसिंह चौधरी, खैरथल महिला थाना प्रभारी नंदलाल जांगिड़ तथा साइबर थाने के रामअवतार मीणा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।