अलवर

चालान के लिंक पर क्लिक करते ही ट्रांसपोर्टर के खाते से 3.88 लाख पार

झांसी आरटीओ में ट्रक का वास्तव में चालान कटने के बाद अलवर के ट्रांसपोर्टर युवराज सिंह के मोबाइल पर चालान का मैसेज आया। लिंक देखकर उन्होंने उस पर क्लिक कर दिया। इसके बाद मोबाइल में मालवेयर…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:50 PM IST
Rajasthan News

अलवर. झांसी आरटीओ में ट्रक का वास्तव में चालान कटने के बाद अलवर के ट्रांसपोर्टर युवराज सिंह के मोबाइल पर चालान का मैसेज आया। लिंक देखकर उन्होंने उस पर क्लिक कर दिया। इसके बाद मोबाइल में मालवेयर सक्रिय हो गया और महज 25 मिनट में 10 ट्रांजेक्शन कर पीएनबी खाते से 3 लाख 88 हजार 309 रुपए निकाल लिए गए।

अंबेडकर नगर निवासी युवराज सिंह के अनुसार, 23 नवंबर को सुबह करीब 8:38 बजे उनके मोबाइल पर कॉल आया और चालान कटने का मैसेज मिला। मैसेज में उनके ट्रक नंबर आरजे 29 जीबी 5624 की जानकारी भी थी। झांसी आरटीओ में वास्तव में चालान कटने के कारण उन्हें मैसेज पर संदेह नहीं हुआ। उन्होंने लिंक खोल लिया। इस दौरान मोबाइल में एक फाइल डाउनलोड होने लगी, जिसे उन्होंने तुरंत रोककर डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक मालवेयर फोन में सक्रिय हो चुका था। उसी दिन शाम करीब 5:30 बजे उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया और स्क्रीन ब्लैक हो गई। साइड बटन ने भी काम करना बंद कर दिया। मोबाइल एक्सपर्ट की मदद से फोन री-स्टार्ट किया तो बैंक से रकम कटने के मैसेज मिले। बैंक स्टेटमेंट देखने पर पता चला कि 25 मिनट के भीतर 10 अलग-अलग ट्रांजेक्शन से 3.88 लाख रुपए निकल चुके थे।

यूपीआइ लिमिट, नेट बैंकिंग से निकाली रकम

पीड़ित के अनुसार, उनके खाते की यूपीआइ ट्रांजेक्शन लिमिट एक लाख रुपए थी, लेकिन ठगों ने ओटीपी के जरिए नेट बैंकिंग और पेमेंट गेटवे का इस्तेमाल कर रकम निकाल ली। पैसा सोनू सिंह, तपन जैन और संदीप के खातों के अलावा क्लियरट्रिप, ईजी ट्रिप, पेटीएम ट्रैवल, बजट एयर कॉम और क्लेम ट्रिप जैसी ट्रैवल कंपनियों के नाम पर ट्रांसफर हुआ।

खाते में पांच बार जमा कराए 7500 रुपए

ठगी के दौरान साइबर ठगों ने युवराज के खाते में पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 7500 रुपए भी जमा कराए। आशंका है कि किसी दूसरे व्यक्ति से ठगी गई रकम को उनके खाते में डालकर आगे ट्रांसफर करने की कोशिश की गई। ठगी का पता चलते ही युवराज ने सिम निकाल दी और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत कर बैंक खाता ब्लॉक कराया।

इस तरह का दूसरा मामला

कोतवाली थाना क्षेत्र के कल्लूपाड़ा मोहल्ला, तिलक मार्केट निवासी संदीप गुप्ता को 22 नवंबर को सुबह करीब 10:15 बजे गाड़ी के चालान का मैसेज आया। मैसेज में एम-परिवहन के नाम से 2500 रुपए के चालान का लिंक दिया हुआ था। संदीप ने चालान देखने के लिए लिंक खोला और मोबाइल रखकर दुकान के काम में व्यस्त हो गए। इसी दौरान साइबर ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर लिया। दोपहर करीब 2:26 बजे उनके मोबाइल पर आरबीएल क्रेडिट कार्ड से 97,690 और इसके बाद 97,533 रुपए के ट्रांजेक्शन के मैसेज आए।

Updated on:
27 Nov 2026, 5:50 PM IST
Published on: