अलवर

ट्रक की टक्कर से सीएनजी ऑटो में लगी आग, डेढ़ साल की मासूम जिंदा जली

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 दिल्ली-जयपुर पर बावल थाना क्षेत्र के चांदूवास ओवरब्रिज के पास रविवार अलसुबह करीब 3 बजे तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक चालक ने सीएनजी ऑटो को पीछे से सीधी टक्कर मार दी।
2 min read
• •
Updated: 23 Apr 2023, 7:53 PM IST
CNG auto caught fire due to truck collision child burnt alive in alwar

शाहजहांपुर (अलवर)। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 दिल्ली-जयपुर पर बावल थाना क्षेत्र के चांदूवास ओवरब्रिज के पास रविवार अलसुबह करीब 3 बजे तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक चालक ने सीएनजी ऑटो को पीछे से सीधी टक्कर मार दी। ट्रक की भीषण टक्कर से ऑटो पलटने के साथ ही भयानक आग लग गई। ऑटो में सवार एक डेढ़ साल की मासूम को निकाल भी नहीं पाने के चलते जिंदा जल गई। जबकि माता-पिता व दुधमुही 8 माह की नन्ही बच्ची भी बुरी तरह झुलस गए। दुर्घटना को अंजाम देकर आरोपी चालक अपने ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया।

हादसे के समय मची चीख-पुकार व आग की लपटों को देख राहगीरों के सहयोग से पुलिस कंट्रोलरूम व अग्निशमन को सूचना दी गई। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक ऑटो व उसमें बैठी डेढ़ साल की मासूम पूरी तरह से जल चुके थे। पुलिसकर्मियों ने झुलसे लोगों को ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। जहां उनकी नाजुक हालात को देखते हुए 8 माह की मासूम व उसकी मां को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

स्थानीय थाना पुलिस के अनुसार मूलरूप से मेहावा जिला आगरा फतेहाबाद निवासी माक्खन लाल व दूसरा परिवार राजस्थान के धौलपुर निवासी गुरुग्राम में परिवार सहित रह रहे है। शनिवार देर रात 2 बजे वह अपनी पत्नी पूजा, डेढ़ साल की जाहन्वीं व सेक्टर के ही वेदप्रकाश व उसकी पत्नी रेणू और उनकी पुत्री विनिता, 8 माह की भूमि एक सीएनजी गैस के ऑटो में सवार होकर खाटूश्याम दर्शन के लिए निकले थे। साथ ही एक अन्य सीएनजी ऑटो में भी सेक्टरवासी सवार थे। जब वे रविवार अलसुबह लगभग 3 बजे बावल के चांदूवास ओवरब्रिज के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

जिससे माक्खन लाल का ऑटो पलट जाने के साथ आग के आगोश में समा गया। दुर्घटनाग्रस्त हुए टेम्पो से सवारियां ऑटो से निकलती उससे पूर्व आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आनन-फानन में ऑटो में सवार सभी लोग किसी तरह निकल पाए। लेकिन डेढ़ माह की जाहन्वी उसमें फंस गई।

पिता ने किया प्रयास आग से बच्ची को नहीं बचा सका
ऑटो में सवार सभी के कपड़ों सहित अन्य सामान में आग लग चुकी थी। माक्खन ने जाहन्वी को बचाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन आग के विकराल रूप के चलते वह ऑटो के पास नहीं जा सका। सूचना के बाद पुलिस व दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंचे। लेकिन जब तक ऑटो में लगी आग को बुझाया जाता, ऑटो व उसमें फंसी मासूम जाहन्वीं पूरी तरह झुलस चुकी थी। चिकित्सालय में ले जाने पर चिकित्सकों ने जाहन्वीं को मृत घोषित कर दिया।

रेनू व उसकी 8 माह की मासूम भूमि की गंभीर हालात को देखते हुए हायर सेंटर रैफर कर दिया। अन्य घायलो को ट्रोमा सेंटर में दाखिल कराया गया है। बावल थाना पुलिस ने मृतक मासूम के शव को पोस्टमार्टम कराया है । पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

Published on: