अलवर में कॉलेज छात्रा पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने उसके शरीर पर 12 जगहों पर काटा।
अलवर शहर की जेके नगर कॉलोनी में शुक्रवार शाम घर के बाहर टहल रही कॉलेज छात्रा नव्या अग्रवाल (18) पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों से घिरा देख नव्या सड़क पर गिर गई और चिल्लाने लगी। इस दौरान 8 कुत्ते उसके हाथ-पैर नोंचते रहे। कुत्तों ने उसके शरीर पर 12 जगहों पर काटा। चीख-पुकार सुन कर परिवार के लोग बाहर निकले और कुत्तों को भगाया। नव्या को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना के 20 घंटे बाद शनिवार दोपहर नगर निगम की टीम कॉलोनी में पहुंची और कुछ कुत्तों को पकड़ लिया, लेकिन कुत्तों को शरण देने वाली एक पशु प्रेमी महिला ने नगर निगम की गाड़ी से कुत्तों को जबरन उतार लिया। इससे कॉलोनी के लोग आक्रोशित हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। लोगों ने महिला के खिलाफ कार्रवाई करने और कुत्तों को पकड़ने के लिए एनईबी थाने में शिकायत दी है।
एक दिन पहले गुरुवार को शहर की स्कीम नंबर दो में एक महिला पर कुत्तों ने हमला कर दिया था। उसके हाथ को बुरी तरह काटकर लहूलुहान कर दिया था। लोगों ने उसे बचाया था।
-वैशाली नगर, महाराणा प्रताप मार्ग स्थित रंगोली गार्डन में 10 वर्षीय बच्ची पर एक जर्मन शैफर्ड ने हमला कर दिया था।
-रामपुरा-डाबड़ी उपखंड के जाहोता में 18 जनवरी 2025 को सूरजमल (14) स्कूल से घर आ रहा था। तभी रास्ते में कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया था।
-4 अक्टूबर 2024 को जाहोता की न्यू रैगर कॉलोनी में रहने वाली युवन्या (3) को कुत्तों ने जख्मी कर दिया था। बच्ची के गाल की सर्जरी करनी पड़ी थी।
-15 नवंबर 2023 को कुत्तों ने गोविंदगढ़ में मनीष व पुत्र कृष्ण को जख्मी कर दिया थ। इलाज के दौरान मनीष की मौत हो गई थी।