https://www.patrika.com/alwar-news/
अलवर. विधानसभा चुनाव के लिए प्रमुख दलों की ओर से पिछले कई दिनों से प्रत्याशी चयन की मैराथन मशक्कत जारी है, वहीं कांग्रेस में शक्ति प्रोजेक्ट के सदस्यों को अपने क्षेत्र के पसंदीदा प्रत्याशी का नाम बताने के लिए मात्र दस सैकेंड का समय दिया जा रहा है। कांग्रेस इन दिनों शक्ति प्रोजेक्ट से जुड़े सदस्यों से भी प्रत्याशी चयन के लिए फीड बैक जुटा रही है।
कांग्रेस की ओर से पिछले दिनों शक्ति एप के माध्यम से जिले भर में लोगों को जोड़ा गया। अकेले अलवर जिले के करीब 67 ब्लॉकों में करीब 13 हजार 400 से ज्यादा लोगों को शक्ति एप में रजिस्टर्ड किया गया है। शक्ति प्रोजेक्ट से जुड़े कांग्रेस विचारधारा के इन लोगों को मुख्यत: अपने क्षेत्र में पार्टी के लिए सूचना तंत्र विकसित करने का जिम्मा सौंपा गया है। अब सूचना तंत्र के अलावा इन सदस्यों से विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन पर भी दिल्ली से फीड बैक जुटाया जा रहा है।
हर ब्लॉक में दो सौ सदस्य
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से पिछले दिनों शक्ति एप लॉच कर इसमें सदस्यों को रजिस्टर्ड करने का लक्ष्य दिया गया था। अलवर जिले में हर ब्लॉक से 200 सदस्यों को रजिस्टर्ड कराने का लक्ष्य तय किया गया। हालांकि शुरुआती दौर में यह कार्य धीमा रहा, लेकिन बाद में राष्ट्रीय नेतृत्व की सख्ती के बाद इसमें तेजी आई।
मोबाइल पर आता है कॉल, जवाब को मिलते 10 सैकेंड
कांग्रेस पार्टी शक्ति एप में रजिस्टर्ड लोगों से प्रत्याशियों के बारे में ऑनलाइन फीड बैक जुटा रही है। पार्टी की ओर से पूर्व में ही क्षेत्र के शक्ति एप से जुड़े सदस्यों को मोबाइल खुला रखने की सूचना दे दी जाती है। फिर ऑनलाइन कॉल उनके मोबाइल पर आता, इसमें सदस्यों से उनके क्षेत्र में मजबूत एक दावेदार का नाम पूछा जाता है। इसके लिए उन्हें मात्र 10 सैकेंड का समय दिया जाता है। जिले में अब तक कई क्षेत्रों में शक्ति एप में रजिस्टर्ड सदस्यों से पार्टी राय जान चुकी है। यह राय भी प्रत्याशी चयन में महत्वपूर्ण रहने की चर्चा है।