
जिला अस्पताल में घायल महिला
Alwar Crime: पति के चले जाने के बाद एक महिला के सिर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है, लेकिन अलवर के दिल्ली दरवाजा लालदास मंदिर के पास जो हुआ, उसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। महज तीन महीने पहले जिस महिला ने कैंसर की वजह से अपने पति को खोया था, बुधवार सुबह उस पर उसके ही सगे जेठ ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने महिला पर चाकू से एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
अखैपुरा थाना पुलिस के अनुसार पीड़िता सपना सुबह अपने घर में दो मासूम बच्चों के लिए खाना बना रही थी। इसी दौरान उसका जेठ नंदलाल नशे में धुत होकर घर में घुसा और गाली-गलौज करने लगा। नंदलाल लंबे समय से सपना पर बैंक में जमा पैसों को देने का दबाव बना रहा था ताकि वह अपनी शराब की लत पूरी कर सके। जब सपना ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो गुस्से से पागल हुए जेठ ने अपनी जेब से चाकू निकाला और उस पर टूट पड़ा।
सपना ने खुद को बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन आरोपी ने उसके चेहरे, गर्दन, हाथ और पेट पर वार कर दिए। घर के अंदर से आ रही सपना की चीख-पुकार और बच्चों का रोना सुनकर आस-पड़ोस के लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े। पड़ोसियों को आता देख आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन लोगों ने स्थिति को संभाला और खून से लथपथ सपना को तुरंत अलवर के जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
पीड़िता ने रोते हुए पुलिस को बताया कि पति की मौत के बाद वह अपने दोनों बच्चों को पालने के लिए पहले से ही गंभीर आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रही है। उसका जेठ नंदलाल आदतन शराबी है और पहले भी कई मामलों में जेल की हवा काट चुका है। वह आए दिन उसे डराता-धमकाता रहता था।
घटना की सूचना मिलते ही अखैपुरा थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और कार्रवाई करते हुए आरोपी जेठ नंदलाल को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू को बरामद करने की कोशिश में जुटी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है।
Published on:
24 Jun 2026 03:58 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
