प्रदेश के गांवों में कोरोना की लहर कहर बरपा रही है। ऐसे कई गांव हैं जहां कोरोना के 100 से ज्यादा एक्टिव केस हैं और कई लोगों की मौत हो रही है।
अलवर. कोरोना की दूसरी लहर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी असर दिखा रही है। गांवों में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से फ़ैल रही है। 15 में से 12 ब्लॉक ऐसे हैं जहां दूसरी लहर में एक हजार से अधिक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं। कई गांव ऐसे हैं जहां कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 100 से ज्यादा है। ग्रामीण क्षेत्रों में दूसरी लहर के तीव्र प्रसार का कारण कोरोना गाइडलाइन्स की पालना नहीं होना है। खतरे के बाद भी गांवों में लोग इकठ्ठा होकर बैठ रहे हैं। अधिकांश ग्रामीणों के चेहरे से मास्क नदारद हैं। कोरोना की दूसरी लहर में अलवर शहर के बाद सबसे ज्यादा तिजारा से कोरोना संक्रमित मिले हैं। एक अप्रैल से 13 मई तक यहां 1905 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। तिजारा के आलावा राजगढ़ में 1510, किशनगढ़ में 1471, रामगढ़ में 1383, मुंडावर में 1343 संक्रमित मिल चुके हैं।
गांवों में पॉजिटिव अधिक, स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधा का आभाव
गांवों में मिलने वाले अधिकांश कोरोना पॉजिटिव इलाज के लिए जिला मुख्यालय पर आश्रित हैं। बड़ी संख्या में पॉजिटिव मिलने के बाद भी कोरोना डेडिकेटेड स्वास्थ्य केंद्रों में सीमित संख्या में बैड हैं। सबसे अधिक राजगढ़ में 75, मुंडावर और तिजारा में 50-50, सीएचसी बहरोड़ और नीमराणा में 36-36, पिनान में 30, सीएचसी भिवाड़ी में 26, बानसूर, लक्ष्मणगढ़ और हरसौली में 20-20 बैड हैं। वहीं सैटेलाइट अस्पताल खैरथल में भी मात्र 20 बैड कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए हैं। केवल बहरोड़ में 2 सरकारी वेंटीलेटर हैं। इसके आलावा किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में वेंटीलेटर की व्यवस्था नहीं है। जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 658 बैड कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए हैं।
दूसरी लहर में ब्लॉकवार पॉजिटिव मरीजों की संख्या
ब्लॉक का नाम----कोरोना संक्रमितों की संख्या
अलवर शहर--- 9087
बानसूर--- 883
बहरोड़--- 966
भिवाड़ी ---1687
खेरली ---1002
किशनगढ़-- 1471
कोटकासिम ---1213
लक्ष्मणगढ़ ---1239
मालाखेड़ा---1271
मुंडावर--- 1343
राजगढ़ ---1510
रामगढ़ ---1383
रैणी ---1065
शाहजहांपुर--- 1004
थानागाजी--- 828
तिजारा ---1905