अलवर

अलवर में मनाई कर्पूरचन्द्र कुलिश की पुण्यतिथि, विद्यार्थियों को दी सीख

अलवर में राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूरचन्द्र कुलिश की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों के उनके बताए गए मार्ग पर चलने की सलाह दी।
2 min read
• •
Updated: 18 Jan 2018, 5:11 PM IST
Death anniversary of karpoor chandra kulish celebrated in alwar

राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूरचन्द्र कुलिश की स्मृति में बुधवार दोपहर अलवर के राजगढ़ कस्बे के कोठीनारायणपुर बाइपास स्थित राव सीनियर सैकण्डरी स्कूल, राव बीएड कॉलेज, राव एसटीसी कॉलेज, राव आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में बारहवीं पुण्यतिथि मनाई गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अलवर के कला कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य बीएल मीना सहित अन्य अतिथियों ने कर्पूरचन्द्र कुलिश के छायाचित्र के आगे दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि मीना ने कहा कि समाज में ऐसे बहुत कम लोग हैं जो मीडिया के ऐसे कर्पूरचन्द कुलिश जैसे बहुआयामी मित्र को सम्मानित करते हैं। उन्होंने कुलिश के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस मौके पर राव एजुकेशन एकडेमी की प्राचार्या सवित्रा यादव व राव सज्जन सिंह ने कर्पूरचन्द्र कुलिश के जीवन के कई अनछुए पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन चरित्र का वर्णन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कर्पूरचन्द्र कुलिश के आदर्शों को अपनाने की बात कही।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. केेके कक्कड़, डॉ. अनूप शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. कजोड़मल मीना ने की।

इससे पूर्व विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय व विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ तहसील स्तर के अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अभियान विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उमंग गुलवंशी प्रथम, प्रियंका वर्मा द्वितीय, गरिमा गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में श्यामसुन्दर मीना प्रथम, गौरांगिनी शर्मा द्वितीय, विशाल मीना तृतीय तथा विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में चांदोली के सीनियर सैकण्डरी स्कूल के हजरत सपवान प्रथम, बीएड की छात्रा निधि सैनी द्वितीय एवं चांदोली के सीनियर सैकण्डरी स्कूल के मोहम्मद कैफ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 2100 रुपए का पुरस्कार, द्वितीय विजेताओं को 1100 व तृतीय विजेताओं को 500 रुपए का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्राचार्य महावीर प्रसाद, अनिल शर्मा, पवन शर्मा, रमाकांत यादव, संध्या सक्सेना, सतीश शर्मा, अशोक चौधरी आदि मौजूद थे। मंच का संचालन प्रमिला वशिष्ठ ने किया।

Published on: