
हादसे के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार (फोटो-पत्रिका)
बहरोड़। हरियाणा के नारनौल क्षेत्र में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में राजस्थान के बहरोड़ क्षेत्र की एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई, जबकि कॉलेज के प्रोफेसर और एक अन्य छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अटेली-कनीना सड़क मार्ग पर बोचड़िया और सलीमपुर गांव के पास हुआ। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल प्रोफेसर और छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बहरोड़ के भीटेड़ा स्थित बाबा खेतानाथ कॉलेज की छात्राएं 29 अक्टूबर को शैक्षणिक भ्रमण के लिए मथुरा और वृंदावन गई थीं। भ्रमण दल शनिवार रात को वापस लौटा। देर होने के कारण दो छात्राएं प्रोफेसर जयपाल यादव के गांव बोचड़िया स्थित घर पर रुक गई थीं। रविवार सुबह प्रोफेसर जयपाल दोनों छात्राओं को उनके घर छोड़ने के लिए अपनी कार से रवाना हुए थे। इसी दौरान अटेली-कनीना मार्ग पर उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में जैतपुर निवासी बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा रीत कुमारी (18) पुत्री अशोक हरिजन की मौत हो गई। वहीं, परतापुर निवासी छात्रा खुशी वर्मा और प्रोफेसर जयपाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को अटेली के अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने रीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं, खुशी और प्रोफेसर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि घायल छात्रा का रेवाड़ी में उपचार चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क पर सामने आई बस को बचाने के प्रयास में प्रोफेसर की कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढों में पलट गई। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। जांच अधिकारी एएसआई जसवीर के अनुसार, मृतका का नारनौल नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से अटेली मंडी थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद कॉलेज प्रबंधन का भी पक्ष सामने आया है। प्रिंसिपल जितेंद्र यादव ने बताया कि कॉलेज का टूर शनिवार शाम को ही वापस आ गया था और इसके बाद सभी छात्राओं को उनके घर भेज दिया गया था। उनके अनुसार, हादसे में शामिल छात्राएं प्रोफेसर के साथ निजी तौर पर उनके घर गई थीं। कॉलेज का इस हादसे से कोई लेना-देना नहीं है। दूसरी तरफ, हादसे की खबर से जैतपुर और आसपास के गांवों में शोक छा गया। त्योहार के माहौल के बीच छात्रा की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Updated on:
1 Nov 2026, 9:08 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 9:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.