अलवर

Alwar: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चलते कंटेनर में आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

अलवर के बड़ौदामेव क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर मंगलवार को एक चलते कंटेनर के केबिन में अचानक आग लग गई। चालक ने समय रहते कंटेनर को सड़क किनारे रोका और नीचे कूदकर जान बचाई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
2 min read
Sep 01, 2026
delhi mumbai expressway
कंटेनर में लगी आग (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले के बड़ौदामेव क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। नेनापुर और हादरहेड़ा गांव के पास चलते कंटेनर के केबिन में अचानक आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कंटेनर को तुरंत सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और कंटेनर में लदा सामान भी इसकी चपेट में आ गया।

शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगी

एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम के कुंवरसिंह ने बताया कि घटना सुबह करीब 6 बजे एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 105.950 पर हुई। कंटेनर दिल्ली से ट्रांसपोर्ट का सामान लेकर महाराष्ट्र जा रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार चलते कंटेनर के केबिन में शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगी। कंटेनर में फोम के गद्दे, दोने, गैस-चूल्हे और बड़ी मात्रा में कर्टन लदे हुए थे।

केबिन में लगी आग कुछ ही समय में पीछे रखे सामान तक पहुंच गई। फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।


अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलने पर एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम सुबह करीब 6 बजकर 10 मिनट पर मौके पर पहुंची। टीम ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।

सुबह करीब 7 बजे एमआईए अलवर से दमकल वाहन और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। कंटेनर में फोम का सामान होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी परेशानी हुई। आग बार-बार भड़क रही थी, जिससे रेस्क्यू टीम को करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

कुछ समय के लिए यातायात रहा प्रभावित

आखिरकार लगातार प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हादसे के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

हालांकि समय रहते चालक के कंटेनर से बाहर निकलने के कारण बड़ा जनहानि हादसा टल गया। घटना ने एक बार फिर चलते वाहनों में अचानक आग लगने की स्थिति में सतर्कता की जरूरत को सामने रखा है। कंटेनर में भारी मात्रा में सामान भरा होने के कारण आग से काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

Updated on:
01 Sept 2026 06:08 pm
Published on:
01 Sept 2026 06:04 pm