अलवर

Delhi-Mumbai Highway Accident: दिल्ली-मुंबई हाईवे पर हादसा, भाई-बहन समेत 3 की मौत

Delhi-Mumbai Highway Accident: अलवर जिले के बड़ौदामेव क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फरीदाबाद जा रहा एक ट्रक आगे चल रहे डंपर से टकरा गया। हादसे में भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Jul 31, 2026
Delhi-Mumbai Highway Accident
दिल्ली-मुंबई हाईवे पर हुआ हादसा (फोटो - पत्रिका)

Delhi-Mumbai Highway Accident: अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में भाई-बहन समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 86/100 पर बुर्जा गांव के पास सुबह करीब एक बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में भाई-बहन की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ौदामेव ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आंसू सिंह (20) पुत्र कमल सिंह, सलोनी सिंह (18) पुत्री कमल सिंह और विकास कुमार (31) पुत्र अब्बल सिंह के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से जयपुर जिले के ग्राम टीगरिया के रहने वाले थे और वर्तमान में सांगानेर क्षेत्र में रह रहे थे। वाहन चालक विकास कुमार उत्तर प्रदेश के नगला साकित का निवासी बताया गया है।

मृतक सलोनी की फाइल फोटो
मृतक आशु की फाइल फोटो
मृतक विकास कुमार की फाइल फोटो

मिट्टी से भरे डंपर से हुई टक्कर

परिजनों के अनुसार सलोनी सिंह फरीदाबाद में होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रही थी। उसका भाई आंसू सिंह उसे फरीदाबाद छोड़ने जा रहा था। विकास कुमार ट्रक चला रहा था। इसी दौरान बुर्जा गांव के पास एक्सप्रेस-वे पर आगे चल रहे मिट्टी से भरे डंपर से ट्रक पीछे से जा टकराया। तेज रफ्तार और जोरदार टक्कर के कारण ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया, जिससे तीनों बाहर नहीं निकल सके।

सुबह करीब 10 बजे मृतकों के परिजन सीएचसी बड़ौदामेव पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है और गांव में भी शोक की लहर है।

सीकरी थाना के एएसआई हंसराम ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा आगे चल रहे डंपर से पीछे से टक्कर लगने के कारण हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार और सड़क की परिस्थितियां कैसी थीं।

Updated on:
31 Jul 2026 02:56 pm
Published on:
31 Jul 2026 02:52 pm