कठूमर पंचायत समिति के प्रधान संगम चौधरी को अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं कराने और उनकी आईडी चालू नहीं किए जाने के विरोध में उनके समर्थकों ने सोमवार से अलवर जिला परिषद परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
कठूमर पंचायत समिति के प्रधान संगम चौधरी को अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं कराने और उनकी आईडी चालू नहीं किए जाने के विरोध में उनके समर्थकों ने सोमवार से अलवर जिला परिषद परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक शामिल हुए, जिन्होंने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
धरना दे रहे लोगों का कहना है कि नियमानुसार प्रधान चुने जाने के बाद भी संगम चौधरी को अब तक जॉइनिंग नहीं दी गई है, जिससे पंचायत समिति के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। समर्थकों ने आरोप लगाया कि जानबूझकर प्रशासनिक स्तर पर देरी की जा रही है और प्रधान की आईडी सक्रिय नहीं की जा रही, जिससे विकास कार्यों की फाइलें अटकी हुई हैं।
धरने के दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल जॉइनिंग दिलाने और आईडी चालू करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक प्रधान को विधिवत रूप से कार्यभार नहीं सौंपा जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उधर, जिला परिषद प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, लगातार चल रहे धरने के कारण जिला परिषद परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने जनप्रतिनिधि के अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष कर रहे हैं।