अलवर

अलवर में अतिक्रमण हटाने गए दस्ते से लोगों ने की हाथापाई, जेसीबी के आगे लेट गए लोग, हुआ हंगामा

अलवर में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर लोगों ने घेर लिया, इस दौरान हाथापाई की नौबत तक आ गई।
less than 1 minute read
Feb 13, 2019
Dispute Between Encroachment Removal Team And Public In Alwar
अलवर में अतिक्रमण हटाने गए दस्ते से लोगों ने की हाथापाई, जेसीबी के आगे लेट गए लोग, हुआ हंगामा

अलवर. नगर विकास न्यास का दस्ता मंगलवार को बिजली घर चौराहे के पास सडक़ किनारे हो रहे अतिक्रमण को हटाने गया तो महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध किया और जेसीबी के आगे लेट गई। अतिक्रमणकारियों ने यूआईटी के अधिकारियों के साथ हाथापाई करने की कोशिश की। हालत बिगडऩे पर महिलाओं ने दस्ते के एक अधिकारी की गिरेबां भी पकड़ ली।

यूआईटी का दस्ता दोपहर में जेसीबी के साथ बिजली घर चौराहे पर सडक़ के किनारे चल रहे ढाबे और खोखे को हटाने की कार्रवाई करने पहुंचा। यह दस्ता बिना पुलिस फोर्स के यहां पहुंचा। दस्ते के साथ चल रही जेसीबी ने खोखे को उठाने की कोशिश की तो यहां महिला व पुरुषों ने नारेबाजी शुरु कर दी। यहां कई महिलाएं तो जेसीबी के आगे लेट गई। गुस्से में आए लोगों ने सहायक अभियंता की गिरेबां भी पकड़ ली, जिन्हें अतिक्रमण निरोधक अधिकारी प्रमोद शर्मा ने मुश्किल से छुड़वाया। यहां लोगों ने दस्ते पर पथराव की भी कोशिश की। अतिक्रमण निरोधक अधिकारी प्रमोद शर्मा का कहना है कि गुर्जरों के आंदोलन के चलते पुलिस जाब्ता उन्हें नहीं मिल पाया। हमने अतिक्रमणकारियों को काफी समझाया लेकिन वे इस कार्रवाई का विरोध करने लगे। कार्रवाई के दौरान यहां तनाव की सूचना पाकर शहर कोतवाली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तमाशबीनों को मौके पर समझाया और उन्हें शांत किया। यूआईटी ने इस मामले में अभी तक किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराई है।

नगर परिषद की कार्रवाई जारी

नगर परिषद की ओर से अलवर शहर में चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है। इस अभियान के तहत मंगलवार को भगत सिंह चौराहे सहित कई स्थानों पर बिना पार्किंग के खड़े वाहनों को जब्त किया गया। इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। लोगों ने इस अभियान का स्वागत किया है जिससे बाजार अब खुले-खुले नजर आने लगे हैं।

Published on:
13 Feb 2019 01:17 pm