पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अलवर के बहरोड़ में भाजपा पर हमला बोलते हुए तीनों उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा किया है।
बहरोड़. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि भाजपा सरकार के कुशासन से त्रस्त आम जनता प्रदेश के तीनों उप चुनावों में कांग्रेस को जिता देश को नया सन्देश देगी। भाजपा सरकार के कारनामों, कुशासन व आमजन के साथ हुए धोखे का पर्दाफाश करने का समय आ चुका है।
पूर्व मुख्यमंत्री मंगलवार दोपहर कस्बे में लोकसभा प्रत्याशी डॉ. करण सिंह यादव के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। गहलोत ने कहा कि जनता पूछ रही है इतना बहुमत दिया फिर भी विकास क्यों नहीं? लोकसभा उपचुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को हराकर सबक सिखाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए नई योजनाएं लाने के बजाय कांग्रेस के समय चलाई गई योजनाओं को बंद करने का काम किया है। 4 साल में प्रदेश में कोई काम नहीं हुआ, अब जब चुनाव आ गए हैं तो सरकार को अलवर की याद आई है। सरकार बंद कमरों में बैठकर लोगों को जातियों में बांट कर बुला रही है।
जनसभा को प्रत्याशी डॉ.करणसिंह यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह, प्रभारी सचिव देवेन्द्र यादव, जिला अध्यक्ष टीकाराम जूली, विधायक शकुन्तला रावत, पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा, हरियाणा के नेता कैप्टन अजय यादव, राव दानसिंह, अनिता यादव आदि ने सम्बोधित किया। जनसभा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्योति खण्डेलवाल, बस्तीराम यादव, बलबीर छिल्लर, सीताराम यादव, डॉ.आरसी यादव, केडी यादव, कविता मीणा, प्रदीप यादव राजाराम यादव, धर्मवीर आर्य, बेणी प्रसाद जोशी, दिनेश रिवाली, प्रवक्ता पवन सैनी आदि थे।
कांग्रेस के कामों को याद कर रही है जनता
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संवादाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार के कामकाज से जनता परेशान है। कांग्रेस शासनकाल में हुए विकास कार्यों को जनता आज भी याद करती है। मुख्यमंत्री जनसभा नहीं कर कार्यकर्ताओं से बैठक लेती हंै, क्योंकि वह घबरा चुकी हैं। अलवर, अजमेर , मांडलगढ़ में कांग्रेस सीट जीतेगी। गहलोत ने कहा कि डॉ.जसवंत यादव को हार के लिए भाजपा ने टिकट दिया है इसमें सरकार की कोई चाल लगती है। शरद यादव ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. करण सिंह यादव के लिए वोट मांगे।
रोड शो कर निकाला जुलूस
कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कर्ण सिंह यादव के समर्थन में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह व राष्ट्रीय नेता शरद यादव ने बहरोड़ पहुंचे, जहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जागुवास रोड से लेकर कुण्ड रोड बैठक स्थल तक बाइक रैली निकाली। बारिश के बावजूद रैली के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ।