
अलावड़ा. सरसों और गेहूं की फसल को इस समय पानी की सबसे अधिक जरूरत है। किसानों के लिए यह समय सिंचाई के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन अनियमित बिजली सप्लाई ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। खेतों में फसलें पानी मांग रही हैं और किसान सर्दी में रातभर खेतों में जागकर बिजली आने का इंतजार करने को मजबूर हैं। इसके बावजूद बिजली आती भी है, तो कभी कम वोल्टेज, तो कभी बार-बार ट्रिपिंग के कारण सिंचाई का काम पूरा नहीं हो पा रहा। किसानों को मुश्किल से दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। कम वोल्टेज के चलते मोटरें भी खराब होकर जल रही हैं। ऐसे में किसानों के सामने फसलों को समय पर पानी देने का संकट खड़ा हो गया है। इसी समस्या को लेकर गुरुवार को चौमा गांव के किसानों ने अलावड़ा स्थित 133 केवी जीएसएस पर प्रदर्शन किया।
किसानों ने नारेबाजी करते हुए बिजली आपूर्ति बंद करवा दी और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने मौके पर मौजूद लाइनमैनों से अधिकारियों को बुलाने की मांग की। किसान इस बात पर अड़े रहे कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। बाद में रामगढ़ के सहायक अभियंता राजकुमार योगी मौके पर पहुंचे। किसानों ने उनके सामने अपनी बात रखी और छह घंटे लगातार निर्बाध बिजली सप्लाई देने की मांग की। इस दौरान किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और उनकी मांग का समाधान नहीं किया गया, तो वे मजबूरन जीएसएस पर ताला लगाकर बिजली सप्लाई बंद करवा देंगे। सहायक अभियंता के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त किया। चौमा सरपंच संजय राजपूत ने किसानों को छह घंटे लगातार बिजली उपलब्ध करवाने मांग की। इस दौरान उप सरपंच अकरम खान, शीतल, लक्ष्मण राजपूत, इल्यास, जैकम, आसमान, इरशाद, भोलाराम जाट, औमा, रामौतार सैनी, राजेश सैनी, बिस्सू जाट, कैलाश सैनी और पप्पू सैनी सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
अधिक लोड होने के कारण बिजली सप्लाई में समस्या आ रही है। आरडीएसएस योजना के तहत चौमा गांव के लिए अलग 11 केवी फीडर की लाइन खींची जा चुकी है, जिसे जल्द ही चालू किया जाएगा।