अलवर

राजस्थान में यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व होमगार्ड के बीच हो गई मारपीट, इस बात को लेकर हुआ विवाद

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Aug 27, 2018
Fight Between Additional Sp And Home Guard In Behror Alwar
राजस्थान में यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व होमगार्ड के बीच हो गई मारपीट, इस बात को लेकर हुआ विवाद

अलवर के बहरोड़ कस्बे के मुख्य चौराहे पर रविवार सुबह 11 बजे गाड़ी खड़ी कर सादा कपड़ों में खड़े आरपीएस अधिकारी को गाड़ी हटाने के लिए कहने पर विवाद हो गया। इस दौरान होमगार्ड व पुलिस अधिकारी के बीच मारपीट हो गई। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गए, जिससे जाम लग गया। इस संबंध में पुलिस अधिकारी ने देर शाम होमगार्ड के जवान व यातायात पुलिस चौकी प्रभारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इस मामले में एसपी अलवर ने हैडकांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है और होमगार्ड के जवान को वहां से हटा दिया है। जांच नीमराणा एएसपी को सौंपी है।

जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी देशराज यादव वर्तमान में जयपुर में एसीबी में एएसपी पद पर हैं और रविवार को मुख्य चौराहे पर अपनी गाड़ी खड़ी कर सादा कपड़ों में खड़े थे। रक्षाबंधन के त्योहार के कारण भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था गड़बड़ा रही थी। एएसपी पहले गाड़ी खड़ी कर कहीं चले गए, बाद में जब आए तो यातायात व्यवस्था के लिए तैनात होमगार्ड खेमचंद ने जब एएसपी देशराज यादव से गाड़ी हटाने को कहा तो उनके बीच में विवाद हो गया। होमगार्ड व यातायात पुलिसकर्मी एकत्र हो गए और इसी दौरान उन्होंने देशराज यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी। डण्डे से पैर पर मारा जिसके बाद देशराज ने भी उनके साथ मारपीट की। झगड़े में देशराज के पैर में चोट लगी है और होमगार्ड की वर्दी फट गई। इसके बाद देशराज को पकड़ कर पुलिस चौकी में ले गए। यहां उन्होंने बताया कि वह राजस्थान पुलिस में एएसपी हैं तो उन्हें छोड़ा गया।

सूचना पाकर थाना प्रभारी भरतसिंह व पुलिस उपाधीक्षक कुशाल सिंह मौके पर पहुंचे और पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। देशराज यादव ने होमगार्ड के जवान खेमचंद व यातायात पुलिस चौकी प्रभारी धर्मपाल के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने उनका अस्पताल ले जाकर मेडिकल करवाया। होमगार्ड खेमचंद ने बताया कि उसने जब गाड़ी हटाने के लिए कहा तो देशराज यादव ने धमकाते हुए उसके थप्पड़ मारा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और यह घटना हो गई।

Published on:
27 Aug 2018 11:38 am