
शहर में सोमवार को अलवर बंद के दौरान बंद समर्थकों की ओर से की गई लूटपाट, आगजनी व रास्ता रोकने आदि की घटनाओं को लेकर कोतवाली व एनईबी थाना पुलिस में तीन-तीन मामले दर्ज किए गए हैं। कोतवाल राजवीर सिंह ने बताया कि लाजपत नगर स्कीम दो निवासी मुकेश शर्मा पुत्र अनिल शर्मा ने मामला दर्ज कराया है कि उसकी नंगली सर्किल स्थित रूप आंगन कॉम्पलेक्स में दुकान है। सोमवार दोपहर करीब 11.15 बजे बंद समर्थकों ने कॉम्पलेक्स के भीतर घुस मारपीट व लूटपाट की। जिसमें उस सहित विशाल सिंह को चोटें आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी प्रकार मेहताब सिंह का नोहरा तीज की रोड निवासी छगनलाल सैनी (54) पुत्र सोहनलाल सैनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी होपसर्कस पर कचौरी की ठेली लगती है। सोमवार को बंद समर्थकों ने उसकी ठेली का सामान फेंक तोडफ़ोड़ की। आरोपितों ने छगनलाल से मारपीट की और उसके नौकर देशराज पुत्र कालूराम पर गर्म तेल व कढ़ी पटक दी, जिससे वह झुलस गया। कोतवाली थाने में तीसरा मामला खुद कोतवाल ने अम्बेडकर सर्किल पर बंद समर्थकों के रास्ता रोकने का दर्ज कराया है।
उधर, एनईबी थाने में साठ फुट निवासी भंवरसिंह ने बंद समर्थकों के खिलाफ उसके घर में तोडफ़ोड़ कर मारपीट करने का मामाल दर्ज कराया है। एनईबी थाने में ही चेतक-4 के चालक जगदीश ने मारपीट कर जीप में आग लगाने का मामला दर्ज कराया है। तीसरा मामला एनईबी थाना प्रभारी देवेन्द्र प्रताप ने बंद समर्थकों के खिलाफ थाने में आगजनी व जान से मारने की नीयत से हमला करने का मामला दर्ज कराया है।