अलवर

आग लगे तो खुद बुझाओ, क्योंकि दमकल दस माह से है खराब

इंजन खराब होने से हुई बेकार, नगरपालिका नहीं दे रही ध्यान

2 min read
Jan 10, 2018


अलवर. अगर आपके क्षेत्र में कहीं आग लग जाए तो उसे बुझाने के लिए दमकल के भरोसे नहीं रहकर खुद को प्रयास करने होंगे, क्योंकि यहां खेड़ली नगरपालिका परिसर में खड़ी दमकल दस माह से खराब पड़ी है।
अप्रेल माह से खेड़ली नगरपालिका के भवन में दमकल खराब खड़ी है, जिसकी कोई सुध नहीं ले रहा है। दमकल के खराब होने पर नई दमकल के लिए विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचना देने के उपरांत अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि स्वायत्त शासन विभाग की ओर से स्थानीय नगरपालिका के लिए दमकल की एक गाड़ी स्वीकृत की गई थी।

दस माह से गाड़ी का इंजन खराब होने व बॉडी गल जाने से नगरपालिका प्रांगण में खड़ी है। फायरमैन रामराज सैनी ने बताया कि गाड़ी का इंजन पिछले दो वर्षों से ही खराब चल रहा था, लेकिन फिर भी थोडी बहुत कार्यवाही हो जाती थी, लेकिन अपे्रल माह से इंजन पूरी तरह से डेमेज हो जाने तथा पानी खींचने का पंप भी खराब हो गया है।

रिपोर्ट भेजी, लेकिन कुछ नहीं हुआ

नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी महेश चंद जैन ने बताया कि दमकल के खराब होने तथा जल्द ही नई गाड़ी स्वीकृत कराने के लिए डीएलबी को गत मई माह में रिपोर्ट बनाकर प्रेषित की गई, लेकिन इसके उपरान्त अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। गनीमत रही है कि जब से दमकल खराब हुई है, तब से अब तक क्षेत्र या आस पास कोई आग नहीं लगी।

...तो सबकुछ खाक
अगर आग की घटना होती है तो जिला मुख्यालय अलवर से दमकल बुलानी पड़ेगी, जबकि जिला मुख्यालय से खेड़ली की दूरी 80 किमी है। जब तक दमकल पहुंचेगी तक सबकुछ खाक हो चुका होगा।

मुद्दा उठाया, पर नहीं आई नई दमकल
नगरपालिका के वार्ड संख्या सात के पार्षद डॉ. विनोद अवस्थी का कहना है कि नगरपालिका बोर्ड की मासिक बैठक में अनेक बार दमकल का मुद्दा उठाया जा चुका है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते अभी तक नई दमकल नहीं आ पाई है। इधर, कस्बावासी दिनेश प्रजापत ने बतााय कि क्षेत्र में आग लगने पर एक ही दमकल को उपयोग में लिया जाता रहा है, लेकिन अब वह भी खराब पड़ी है, ऐसे में आग लगने पर बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Published on:
10 Jan 2018 12:06 am
Also Read
View All