अलवर

भिवाड़ी में बेकरी पर अंधाधुंध फायरिंग, आधा दर्जन बदमाश वारदात कर हुए फरार, देखें वीडियो

अलवर मेगा हाइवे स्थित भगतसिंह कॉलोनी में हरीश बेकरी पर करीब आधा दर्जन बदमाशों ने सोमवार को अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। हालांकि वारदात में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन दुकान के कैश काउंटर के शीशे टूट गए।
2 min read
• •
Updated: 13 Sep 2021, 10:08 PM IST
Firing at bakery shop in bhiwadi alwar

भिवाड़ी (अलवर)। अलवर मेगा हाइवे स्थित भगतसिंह कॉलोनी में हरीश बेकरी पर करीब आधा दर्जन बदमाशों ने सोमवार को अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। हालांकि वारदात में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन दुकान के कैश काउंटर के शीशे टूट गए। वारदात के बाद बदमाश अपनी गाड़ी में बैठ फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच व आरोपियों की तलाश में जुटी है। इधर वारदात के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई।

पुलिस उपाधीक्षक हरिराम कुमावत ने बताया कि भिवाड़ी अलवर मेगा हाइवे स्थित भगतसिंह कॉलोनी में हरीश बेकरी पर करीब आधा दर्जन बदमाशों ने आकर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग कर दी। उसके बाद बदमाश अपनी गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। फायरिंग से बेकरी में बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही मय पुलिस जाप्ता के पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरुण माच्या, वृताधिकारी वृत्त भिवाड़ी, फूलबाग थानाधिकारी जितेंद्र सोलंकी घटना स्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज प्राप्त कर बदमाशों की पहचान की कोशिश की गई। फिलहाल बदमाश पुलिस गिरफ्त से दूर है।

20 दिन में फायरिंग की दूसरी वारदात
भिवाड़ी में फायरिंग की करीब 20 दिन में यह दूसरी घटना है। जिसके चलते भिवाड़ी इलाके में दहशत फैली हुई है। पूर्व की फायरिंग की घटना घटाल गांव में मुन्नालाल के कबाड़ का गोदामग की है जहां पर पुनीत व अन्य लोग कैबिन के अंदर बैठे हुए थे। तब दोपहर करीब 12.30 बजे के करीब आधा दर्जन बदमाश हथियारों से लैस होकर कार गाड़ी में आए और दहशत फैलाने के लिए आंधाधुंध करीब एक दर्जन फायरिंग की गई। जिससे बाहर खड़ी दो कारों के शीशे टूट गए थे। गाड़ियों में छेद हो गए थे तथा बदमाश फिरौती के लिए एक चिट्ठी छोड़ गए थे। जिसमें 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी और 10 दिन के अंदर रंगदारी की राशि नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी लिखी हुई थी।

Published on: