अलवर

Five #Murder Case : अवैध संबंध के चलते की पांच हत्याएं, आज खुलासा किसी भी समय

प्रारम्भिक जांच के संकेत जांच को प्रेम प्रसंग पर केंद्रित करवा रहे हैं। पुलिस किसी भी सूरत में कोई कमी छोड़े बिना हर पक्ष से जांच कर खुलासा करेगी।
2 min read
• •
Updated: 7 Oct 2017, 10:37 AM IST
 Today any time to disclose in alwar
Today any time to disclose in alwar

अलवर.

शहर के सबसे बड़े एवं सनसनीखेज हत्याकांड के तार प्रेम प्रसंग से जुड़े हुए हैं। चार दिन तक दिन-रात पड़ताल के बाद पुलिस मामले की तह तक पहुंच गई है। हालांकि आधिकारिक रूप से कोई खुलासा नहीं किया जा रहा है। प्रारम्भिक जांच के संकेत जांच को प्रेम प्रसंग पर केंद्रित करवा रहे हैं। पुलिस किसी भी सूरत में कोई कमी छोड़े बिना हर पक्ष से जांच कर खुलासा करेगी।

घटना से जुड़े अहम सीसीटीवी फुटेज मिलने के अगले दिन शुक्रवार को कई लोगों से पूछताछ की गई। इसमें मुख्य रूप से मृतकों के परिजनों के साथ ही उनसे जुड़े प्रोफेशनल सहयोगियों से पूछताछ की गई है। इसमें मृतक बनवारी के कुछ परिजन और एक रिश्तेदार भी शामिल हैं। वहीं उनकी पत्नी तथा मां को भी अलवर लाकर पूछताछ की गई है।

मामले में शुक्रवार को पुलिस की जांच पूर्णतया मृतक के परिजनों एवं परिचितों पर केन्द्रित रही। सुबह पुलिस ने बनवारी के परिवार के परिचितों से पूछताछ की। शाम करीब साढ़े चार बजे कठूमर थाना पुलिस गांव गारू पहुुंची और बनवारी की पत्नी व उसकी मां को अलवर लाई।

यहां करीब एक घंटे तक जिला पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने उनसे अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। कुछ साक्ष्य बाकी हैं, जिन्हें भी आगामी २४ घंटों में जुटा मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।

चार मासूमों सहित पांच जनों की हत्या का मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकल सकता है। पुलिस जांच में इससे जुड़े साक्ष्य मिले हैं। जिनका परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मृतक की पत्नी सहित परिजनों पर भी संदेह जता रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है।

फुटेज के आधार पर तलाश जारी


सीसीटीवी फुटेज में हत्यारों की तस्वीर आने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने उनकी तलाश में दिल्ली व हरियाणा के लिए टीमें रवाना की। पुलिस के अनुसार जिस तरह से हत्या की गईं, उससे शक है कि हत्या में भाड़े के हत्यारों का इस्तेमाल किया गया हो। हत्या के बाद हत्यारों ने एक पानी की टंकी पर हाथ धोए और उसके बाद वे पैदल-पैदल निकल गए।

गड्ढे वाले पार्क की तलाशी ली


पुलिस ने शुक्रवार को हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए शिवाजी पार्क स्थित गडढ़े वाले पार्क की तलाशी ली। लेकिन पार्क से पुलिस को नामउम्मीद लौटना पड़ा। दरअसल, हत्या के चार दिन बाद भी पुलिस वारदात में प्रयुक्त हथियार को बरामद नहीं कर सकी है। पुलिस ने हथियार की बरामदगी के लिए नालों सहित पटरियों के आस-पास के क्षेत्र की जांच की थी।

सोशल मीडिया पर फेक एकाउंट


मामले की जांच कर रही पुलिस को सोशल मीडिया पर एक फेक एकाउंट मिला है। जिसमें मामले से जुड़े एक संदिग्ध का प्रोफाइल फोटो लगा हुआ है। एकाउंट में उसके प्रोफाइल से कई महिला व पुरुष मित्र जुड़े हुए है। इस एकाउंट के यूजर ने विभिन्न अंदाज में अपने फोटो भी अपलोड किए हुए हैं, जिनमें से किसी फोटो में वह जीन्स पहने है, तो किसी में सूट। एक फोटो में एक पुरुष भी बैठा है, जिसके गले में शादी की माला है। पुलिस इस एकाउंट से यूजर के चरित्र का आंकलन कर रही है।

अगले 24 घंटे में प्रकरण का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस के हाथ मामले से जुड़े साक्ष्य लगे हैं। जिनकी जांच के बाद मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा। कई महत्वपूर्ण पक्षों पर जांच जारी है।
राहुल प्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक, अलवर

Updated on:
7 Oct 2017, 10:37 AM IST
Published on: