31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Sarpanch Election: सरपंच चुनाव में हार के बाद मचा बवाल, गुस्साई भीड़ ने DSP-ASI का सिर फोड़ा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Alwar Sarpanch Election Violence: अलवर जिले के राजपुरबड़ा गांव में देर रात सरपंच चुनाव के नतीजे आने के बाद शनिवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की राजपुरबड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद का चुनाव हारने वाले प्रत्याशी और उसके समर्थकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 31 Oct 2026, 3:00 PM IST

Alwar Sarpanch Election Violence

अस्पताल में भर्ती पुलिसकर्मी। फोटो: पत्रिका

अलवर। अलवर जिले के राजपुरबड़ा गांव में देर रात सरपंच चुनाव के नतीजे आने के बाद शनिवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की राजपुरबड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद का चुनाव हारने वाले प्रत्याशी और उसके समर्थकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव में डीएसपी देशराज कुलदीप और एएसआई कामम खान के सिर में चोट लगी। वहीं, दो कांस्टेबल भी घायल हो गए।

गुस्साए लोगों ने पुलिस की गाड़ी और बाइकों में भी तोड़फोड़ की। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।जानकारी के अनुसार राजपुरबड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही हारे प्रत्याशी और उसके समर्थक विरोध कर रहे थे। शुक्रवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शन ने शनिवार सुबह उग्र रूप ले लिया।

सरपंच पद के प्रत्याशी रहे महेंद्र कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम मतदान खत्म होने के बाद करीब 4019 वोट पड़ने की जानकारी दी गई थी। लेकिन मतगणना के बाद उन्हें केवल 3700 वोट गिने जाने की बात बताई गई। उनका दावा है कि कुल 319 वोट कम गिने गए। प्रत्याशी और उसके समर्थकों ने इस अंतर को लेकर आपत्ति जताई, लेकिन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद सरपंच पद के विजेता की घोषणा कर दी गई। इसी को लेकर समर्थकों ने पूरी रात विरोध-प्रदर्शन किया।

समझाइश के बीच पुलिस पर किया पथराव

शनिवार सुबह प्रदर्शन की सूचना पर डीएसपी देशराज कुलदीप पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। जिससे डीएसपी देशराज कुलदीप, एएसआई कामम खान, कांस्टेबल धर्मेंद्र और मुरारी घायल हो गए। इसके बाद भीड़ ने पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की। घायल पुलिसकर्मियों का राजगढ़ अस्पताल में उपचार जारी है।

6 लोग हिरासत में, अन्य की तलाश जारी

एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि पथराव में कुछ महिलाओं के शामिल होने की भी जानकारी मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को हिरासत में लिया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।