
अलवर शहर में इन दिनों मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय कोहरा छाने लगा है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ गया है। शुक्रवार सुबह भी शहर के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया। वहीं गुरुवार देर रात इटाराना पुलिया क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों अलवर का न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है। इसके अलावा यह मौसम रबी की फसलों के लिए बेहद अनुकूल साबित होगा, जिससे किसानों को अच्छा उत्पादन मिलने की उम्मीद है।
हालांकि कोहरे के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सुबह और देर रात के समय सड़कों पर दृश्यता कम होने से हादसों की आशंका बनी रहती है। प्रशासन की ओर से वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सर्दी और कोहरे के और अधिक बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे ठंड का असर और तेज हो सकता है।