24 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar News: दुकान विवाद में पूर्व चेयरमैन को जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल होने पर हंगामा

अलवर जिले के थानागाजी कस्बे में नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन चौथमल सैनी को उनके ही रिश्तेदार ने सरेआम थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
2 min read
Google source verification
alwar thanagazi

फोटो - घटना के दौरान

राजस्थान के अलवर जिले के थानागाजी कस्बे से एक झगड़े वाली घटना सामने आई है, जहां दुकान के कब्जे और स्वामित्व को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। बहस इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन और वार्ड संख्या 16 के पार्षद चौथमल सैनी को सबके सामने थप्पड़ जड़ दिया। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

संपत्ति का नामांतरण कराया

यह पूरा विवाद 9 जुलाई का बताया जा रहा है। पीड़ित पूर्व चेयरमैन चौथमल सैनी का कहना है कि उन्होंने साल 2017 में अपने फूफा सूरजमल से नारायणपुर स्थित एक दुकान कानूनी तरीके से खरीदी थी। हालांकि, 2018 में सूरजमल का देहांत हो गया। आरोप है कि उनके निधन के बाद उनके रिश्तेदार राजेंद्र उर्फ राजू ने चालाकी से पूरी संपत्ति का नामांतरण (म्यूटेशन) अपने नाम करवा लिया और दुकान पर अपना हक जताने लगा।


घटना वाले दिन यानी 9 जुलाई को चौथमल सैनी अपने परिजनों के साथ उक्त दुकान पर निर्माण कार्य कराने और काम शुरू करवाने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी राजेंद्र वहां आ धमका और कहासुनी करने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और आक्रोशित होकर राजेंद्र ने सरेआम पूर्व चेयरमैन को थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

पुलिस कार्रवाई नहीं होने से नाराज

पूर्व चेयरमैन का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद वे शिकायत लेकर स्थानीय पुलिस थाने पहुंचे थे और लिखित तहरीर दी थी। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया और एफआईआर दर्ज करने से बचती रही। उनका कहना है कि निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उलटे दोनों पक्षों को शांति भंग की आशंका में पाबंद कर दिया। पुलिस के इस रवैये से नाराज होकर अब पूर्व चेयरमैन न्याय पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने और कोर्ट के जरिए इस्तगासा दायर करने की तैयारी कर रहे हैं।

दूसरी तरफ, मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी का कहना है कि पुलिस को दोनों ही पक्षों की ओर से शिकायतें मिली थीं। इलाके में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए एहतियातन दोनों पक्षों को पाबंद किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में आपराधिक मुकदमा दर्ज करने का अंतिम फैसला थाना प्रभारी स्तर पर लिया जाएगा। फिलहाल, वायरल वीडियो के बाद कस्बे में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।