25 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बहरोड़ : खड़े कंटेनर में घुसी बाइक, एक ही परिवार के दो लोंगों की मौत, बच्चे के जन्म पर जा रहे थे अस्पताल

नवजात बच्चे के जन्म की खुशी में शामिल होने अस्पताल जा रहे रिश्तेदार की बाइक नेशनल हाईवे-48 पर खड़े कंटेनर से टकरा गई। भीषण हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर चालक और मालिक की तलाश शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Kamal Mishra

Jul 25, 2026

Alwar Accident

मृतक अशोक एवं मृतका कविता। (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

कोटपूतली-बहरोड़। जिले के प्रागपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। नवजात बच्चे के जन्म की खुशी में अस्पताल जा रहे देवर और भाभी की बाइक नेशनल हाईवे-48 पर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब 10 बजे प्रागपुरा फ्लाईओवर के पास हुआ। सूचना मिलने पर प्रागपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला और पुरुष को निजी वाहन से पावटा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

गादोज गांव के रहने वाले थे मृतक

मृतकों की पहचान बहरोड़ क्षेत्र के गादोज गांव निवासी 52 वर्षीय अशोक यादव पुत्र लालाराम और 48 वर्षीय कविता पत्नी राजपाल यादव के रूप में हुई। दोनों एक ही परिवार के थे और रिश्ते में देवर-भाभी लगते थे।

प्रागपुरा फ्लाईओवर के पास हुआ हादसा

परिजनों ने बताया कि परिवार के रिश्तेदार के यहां बच्चे का जन्म हुआ था। उसी खुशी में दोनों पावटा स्थित एक निजी अस्पताल में नवजात और उसकी मां से मिलने के लिए निकले थे। रास्ते में प्रागपुरा फ्लाईओवर से पहले हाईवे किनारे एक खराब कंटेनर खड़ा हुआ था। इसी दौरान उनकी बाइक सीधे कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसा अस्पताल से महज दो किलोमीटर पहले हुआ।

यह वीडियो भी देखें :

बाइक क्षतिग्रस्त

टक्कर के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया।

पुलिस जांच में जुटी

प्रागपुरा थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को जब्त कर लिया है और उसके चालक व मालिक की तलाश शुरू कर दी है।