मेवात विकास बोर्ड की राशि में से शिक्षा, सडक़, श्मशान व कब्रिस्तान में लगाएं
रामगढ़. कस्बा स्थित पंचायत समिति सभागार में साधारण सभा की बैठक सोमवार को प्रधान नसरु खान की अध्यक्षता में हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य बीपीडीपी और मेवात विकास की वर्ष 2024, 25 की कार्ययोजना का अनुमोदन कराना रहा। बैठक में बिजली- पानी के मुद्दे छाए रहे। नंगली मेघा के पंचायत समिति सदस्य हरीश ने बताया कि शहजपुर नंगली गांव से 16 जून को जाती विशेष के व्यक्ति की तीन भैंस चोरी हुई और 18 जून को एक ट्रैक्टर चोरी हुआ था। उसका खुलासा नहीं हुआ और शहजपुर नंगली गांव में तीन माह से खड़े छतिग्रस्त पोल को अभी तक नहीं बदला गया है। इस बारे में पंचायत समिति में विधायक जुबेर खान के सामने समस्या को रखा। इस पर विधायक ने सम्बंधित विभाग को 15 दिन में समस्या निस्तारण के लिए कहा। साथ ही विधायक ने बताया कि मेवात विकास बोर्ड की तरफ से मिलने वाली राशि का विभाजन 25 प्रतिशत शिक्षा, 25 प्रतिशत गांव ढाणियों को मुख्य सडक से जोडऩे और पेचवर्क के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग, 25 प्रतिशत श्मशान और किब्रस्तान आदि के लिए और 25 प्रतिशत राशि ग्राम पंचायत के छोटे मोटे कार्यों को लेकर किया जाए। एमपीएस और सरपंचों की ओर से छह माह पूर्व और एक- दो वर्षों पूर्व उठाई गई समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण हंगामा करते हुए पिछली बैठक में बीपीडीपी और मेवात विकास कार्य योजनाओं का अनुमोदन नहीं होने दिया गया था। बैठक में विधायक जुबेर खान, एसडीएम नीतू करोल, तहसीलदार उमेश चंद शर्मा, नौगावां तहसीलदार मंगीराम मीणा, विकास अधिकारी वीरेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
योजनाओं का अनुमोदन
एसडीएम नीतू करोल ने बैठक में उठाई गई समस्याओं के निस्तारण के साथ अगली बैठक में पूर्ण तैयारी के साथ सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। रामगढ़ से शेरपुर तक बनने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ में कस्बा अलावडा़ में अतिक्रमण नहीं हटने के कारण सीमेंटेड सडक़ निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। कहा कि वर्षों से ललावंडी से अलावड़ा की डामर सडक़ पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। पूरी सडक़ में सैकड़ों गड्ढे हो चुके हैं जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। जलदाय विभाग की वर्षों पुरानी पाइप लाइन बार बार सडक़ बनने से 8-9 फुट से अधिक नीची और सडक़ के बीचों बीच हो गई है और कई कनेक्शनों की पाइपलाइन लीकेज है।