Development Work Will Start Soon: इसके लिए सरकार ने पीडब्ल्यूडी और रीको को फंड आवंटन की जिम्मेदारी दी। दोनों विभागों को 37-37 करोड़ रुपए देने हैं। पहली किश्त के तौर पर पीडब्ल्यूडी राशि देगा।
Rajasthan News: भिवाड़ी के खिजूरीबास टोल से टपूकड़ा तक 10 किमी में 74 करोड़ से विकास कार्य जल्द शुरू होंगे। प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए फंड का इंतजाम हो चुका है। पीडब्ल्यूडी ने अनुदान राशि का 10 करोड़ रुपए रिडकोर को जारी कर दिए हैं। रिडकोर की ओर से बिड डॉक्यूमेेंट तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद टेंडर लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी। इस क्षेत्र में 0.65 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होना है, अधिग्रहण अलग-अलग जगह पर होगा, जहां चौड़ाई कम है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पीडब्ल्यूडी ने शुरू कर दी है।
बजट अनुदान 2023 मांगों पर खिजूरीबास टोल से टपूकड़ा तक सडक़ को चार से छह लेन करने, दोनों तरफ नाला निर्माण एवं बीच में जहां जमीन की आवश्यकता हो वहां पर अधिग्रहण करने की घोषणा की गई थी। इसके लिए 50 करोड़ का बजट भी घोषित किया गया। पिछली सरकार की प्राथमिकता में होने की वजह से अधिकारियों ने सर्वे कराया। डीपीआर तैयार होने के बाद प्रोजेक्ट की लागत 74 करोड़ के करीब प्रस्तावित हुई। इसके लिए सरकार ने पीडब्ल्यूडी और रीको को फंड आवंटन की जिम्मेदारी दी। दोनों विभागों को 37-37 करोड़ रुपए देने हैं। पहली किश्त के तौर पर पीडब्ल्यूडी राशि देगा।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिडकोर ने टेंडर भी निकाल दिए। इस बीच में आचार संहिता लगने, सरकार बदलने, नई सरकार की ओर से पुराने कामों की जांच, अनुमति लेकर ही नए काम करने से प्रोजेक्ट रुक गया। एक बार रिडकोर की ओर से लगाए गए टेंडर भी निरस्त हो गए क्योंकि संबंधित एजेंसी ने फंड नहीं दिया। धारूहेड़ा तिराहे से खिजूरीबास टोल तक चार किमी सडक़ चौड़ाईकरण एवं सौंदर्यीकरण पर बीडा ने करीब 43 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। कुछ इसी तर्ज पर अब खिजूरीबास टोल से टपूकड़ा तक की सडक़ को विकसित किया जाएगा।
धारूहेड़ा तिराहे से खिजूरीबास तक चार से छह लेन सड़क , फुटपाथ, ट्रेक एवं हरियाली विकसित होने से बाइपास की सुंदरता में वृद्धि हुई है। उद्योग नगरी में बाइपास की सड़क को मॉडल के रूप में पेश किया जा सकेगा। कुछ इसी तर्ज पर खिजूरीबास से टपूकड़ा तक सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण होगा। क्योंकि औद्योगिक क्षेत्र का टपूकड़ा तक विस्तार हो चुका है। बाहर से आने वाले उद्यमी एवं आयातक-निर्यातक इसी सड़क से उद्योग क्षेत्र में आते-जाते हैं। 14 किमी लंबाई में सडक़ विकसित होने से शहर के विकास एवं विस्तार को पंख लगेंगे।
बिड डॉक्यूमेंट तैयार किए जा रहे हैं जल्द ही टेंडर लगाकर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पंकज मोदगिल, प्रोजेक्ट मैनेजर रिडकोर।